अस्पताल में आधी रात को भाजपा नेता ने साथियों सहित सिक्योरिटी गार्ड से मारपीट और अधीक्षक से अभद्रता की
स्वास्थ्य कर्मियों ने कोतवाली घेरकर की कार्रवाई की मांग
बांदा, 31 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बबेरू में शुक्रवार देर रात उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब भाजपा के जिला पंचायत सदस्य अरुण सिंह पटेल अपने करीब आधा दर्जन साथियों के साथ अस्पताल पहुंचे। आरोप है कि डॉक्टर के बारे में पूछने पर ड्यूटी पर तैनात सिक्योरिटी गार्ड के जवाब से नाराज होकर उन्होंने अपने साथियों के साथ गार्ड की लात-घूंसों से पिटाई कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे स्वास्थ्य कर्मियों के सामने ही सीएचसी अधीक्षक के साथ भी गाली-गलौज और अभद्रता की गई। घटना से अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई।
घटना के विरोध में शनिवार सुबह सीएचसी अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश सिंह पटेल के नेतृत्व में पीड़ित सिक्योरिटी गार्ड महेंद्र सरदार यादव समेत करीब एक सैकड़ा डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मचारी कोतवाली पहुंचे। सभी ने कोतवाली का घेराव कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
पीड़ित सिक्योरिटी गार्ड महेंद्र सरदार यादव ने कोतवाली प्रभारी संजय कुमार द्विवेदी को दी तहरीर में बताया कि शनिवार रात करीब 12 बजे भाजपा के जिला पंचायत सदस्य अरुण सिंह पटेल अपने पांच-छह साथियों के साथ सीएचसी पहुंचे। उन्होंने डॉक्टर के बारे में पूछा तो गार्ड ने बताया कि डॉक्टर ड्यूटी पर हैं। आरोप है कि इतना सुनते ही सभी लोग गाली-गलौज करने लगे और उसे कमरे में ले जाकर जूतों से पीटने लगे। उसकी चीख-पुकार सुनकर अस्पताल में मौजूद डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मचारी पहुंचे तथा बीच-बचाव किया।
गार्ड के मुताबिक, घटना की सूचना पर सीएचसी अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश सिंह पटेल मौके पर पहुंचे तो उनके साथ भी अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करते हुए गाली-गलौज की गई। घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्रीय विधायक विशंभर सिंह यादव भी अस्पताल पहुंचे और पीड़ित गार्ड तथा स्वास्थ्य कर्मियों से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली।
24 घंटे में गिरफ्तारी नहीं तो हड़ताल की चेतावनी
सीएचसी अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश सिंह पटेल ने चेतावनी दी कि यदि 24 घंटे के भीतर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई तो अस्पताल के सभी डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मचारी हड़ताल पर चले जाएंगे। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई।
नामजद भाजपा नेता समेत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा
कोतवाली प्रभारी संजय कुमार द्विवेदी ने बताया कि सिक्योरिटी गार्ड की तहरीर पर भाजपा के जिला पंचायत सदस्य अरुण सिंह पटेल को नामजद करते हुए पांच-छह अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
सीओ बोले, साक्ष्यों के आधार पर होगी कार्रवाई
क्षेत्राधिकारी बबेरू कृष्णकांत त्रिपाठी ने बताया कि सीएचसी बबेरू के चिकित्सकों और स्टाफ की ओर से सूचना दी गई थी कि बीती रात कुछ लोगों ने शराब के नशे में सुरक्षा कर्मी और स्टाफ के साथ अभद्रता व मारपीट की। आरोप है कि सरकारी कार्य में भी बाधा डालने का प्रयास किया गया। शिकायतकर्ताओं ने पूर्व में भी इस तरह की घटनाएं होने की बात कही है। तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही है। प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
जिला पंचायत सदस्य ने आरोपों को बताया निराधार
उधर, भाजपा के जिला पंचायत सदस्य अरुण सिंह पटेल ने अपने ऊपर लगे आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि वह रात में एक मरीज को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे थे। वहां किसी के साथ मारपीट नहीं हुई। अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से सच्चाई सामने आ सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि ड्यूटी पर तैनात सिक्योरिटी गार्ड नशे में धुत था, जिसकी शिकायत उन्होंने इंस्पेक्टर से फोन पर की थी। उनके पास फोन पर हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग भी मौजूद है।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

