home page

सागर: जिला अस्पताल परिसर से दिन-दहाड़े चोरी हुई बाइक

 | 
सागर: जिला अस्पताल परिसर से दिन-दहाड़े चोरी हुई बाइक


सागर, 04 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में स्थित सरकारी जिला अस्पताल परिसर में बदमाशों का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि अब दिन-दहाड़े चोरी की वारदातों को अंजाम दिया जा रहा है। ताजा मामला शुक्रवार दोपहर का है, जहां इलाज कराने आए एक व्यक्ति की बाइक चोरी हो गई।

जानकारी के अनुसार, ग्राम हलउ का निवासी संतोष कुशवाहा अपनी पत्नी का इलाज कराने के लिए शुक्रवार को जिला अस्पताल आया था। उसने अपनी हीरो होंडा पैशन प्लस को अस्पताल परिसर के स्टैंड के पास खड़ा किया और अस्पताल के अंदर चला गया। जब संतोष इलाज कराने के बाद वापस लौटा, तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। स्टैंड से उसकी बाइक गायब थी। काफी तलाश करने के बाद भी जब बाइक नहीं मिली, तो उसने तुरंत अस्पताल प्रबंधन को इसकी सूचना दी।

घटना के अगले दिन यानी शनिवार दोपहर करीब 12 बजे जब अस्पताल प्रबंधन ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो उसमें चोरी की पूरी वारदात कैद मिली। फुटेज में एक अज्ञात चोर बड़ी ही सफाई से बाइक लेकर अस्पताल परिसर से बाहर निकलता हुआ दिखाई दे रहा है।

पीड़ित संतोष कुशवाहा ने बताया कि उसने घटना के तुरंत बाद पुलिस से संपर्क करने की कोशिश की थी। उसका कहना है कि, अगर पुलिस समय पर मिल जाती और शिकायत दर्ज हो जाती, तो शायद आरोपी को रंगे हाथों पकड़ा जा सकता था। हालांकि, अब पुलिस ने फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है और पीड़ित को उम्मीद है कि उसकी मेहनत की कमाई से खरीदी गई बाइक जल्द मिल जाएगी।

जिला अस्पताल जैसे संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाके से दिन-दहाड़े बाइक चोरी होना सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े करता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल में सुरक्षा गार्ड होने के बावजूद इस तरह की घटनाएं आम होती जा रही हैं। फिलहाल, सागर पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की शिनाख्त करने में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे