home page

ब्याज के रुपये मांगने पर हुई थी होजरी कारोबारी की हत्या, मुठभेड़ में आरोपित गिरफ्तार

 | 
ब्याज के रुपये मांगने पर हुई थी होजरी कारोबारी की हत्या, मुठभेड़ में आरोपित गिरफ्तार


कानपुर, 12 मई (हि.स.)। फीलखाना थाना क्षेत्र में होजरी कारोबारी विजय चौरसिया की आठ मई को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्या करने वाले आरोपित की मंगलवार को गंगा बैराज के पास पुलिस से मुठभेड़ हो गई। खुद को घिरता देख आरोपित ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी। घायल अवस्था में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर हैलट अस्पताल में भर्ती कराया। उसके पास से तमंचा बरामद हुआ है।

शिवाला इलाके में रहने वाले विजय चौरसिया की इलाके में ही होजरी की दुकान थी। बीती आठ मई की देर शाम उनका शव सवाई सिंह हाता स्थित एक खंडहरनुमा मकान में लहूलुहान हालत में मिला था। सिर पर गंभीर चोट और गोली लगने के निशान मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। स्थानीय लोग उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे थे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया था।

मृतक के भाई ने हत्या की आशंका जताते हुए बताया था कि आखिरी बार विजय को शिवाला स्थित एक रेस्टोरेंट संचालक के बेटे के साथ देखा गया था। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और कई संदिग्धों से पूछताछ की।

अपर पुलिस उपायुक्त पूर्वी शिवा सिंह ने बताया कि पूछताछ में आरोपित ने कबूल किया है कि विजय चौरसिया ने उससे करीब एक लाख रुपये ब्याज पर लिए थे। कुछ समय तक उसने ब्याज के रुपये दिए, लेकिन बाद में पैसे देने से मना कर दिया। इसी बात से नाराज होकर उसने सुनियोजित तरीके से विजय को सवाई सिंह हाता स्थित खंडहरनुमा मकान में बुलाया। वहां दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद आरोपित ने पीछे से उसके सिर में गोली मार दी।

घटना के बाद आरोपित स्कूटी से अपने दोस्त के पास पहुंचा। वहां से उसे कुछ दिन बाहर रहने और मामला शांत होने पर कोर्ट में सरेंडर करने की सलाह दी गई। इसके बाद वह उन्नाव चला गया और अपने परिचितों के यहां छिपा रहा।

पुलिस को आरोपित की लोकेशन मिलने पर गंगा बैराज के पास घेराबंदी की गई। खुद को फंसता देख उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और पुलिस ने उसे दबोच लिया।

मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस का कहना है कि आरोपित की मदद करने वाले लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और उनके खिलाफ भी विधिक कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप