उमरिया: खड़े ट्रक से टकराई ऑटो, एक ही परिवार के 7 घायल; 3 की हालत गंभीर
उमरिया, 14 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उमरिया जिले में एनएच-43 पर सिविल लाइन चौकी के पास मंगलवार काे गौतम ढाबा के सामने भीषण सड़क हादसा हो गया। खड़े ट्रक से टकराने के कारण एक ऑटो में सवार एक ही परिवार के सात लोग घायल हो गए, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
108 एंबुलेंस के ईएमटी आबिद शेख के अनुसार सूचना मिलते ही एंबुलेंस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। हादसे में घायल सभी लोगों को जिला अस्पताल उमरिया लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को कटनी जिला अस्पताल रेफर किया जा रहा है।
घायलों में पलक चौधरी (12 वर्ष), कलावती चौधरी (50 वर्ष), गोरी बाई (35 वर्ष), मोनू चौधरी (16 वर्ष), राजा चौधरी (22 वर्ष), हिमांशी चौधरी (22 वर्ष) और आकाश चौधरी (3 वर्ष) शामिल हैं। सभी निवासी कटनी के तिलक कॉलेज क्षेत्र के बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार सभी लोग एक ही परिवार के हैं और विवाह समारोह में शामिल होने कटनी से पाली की ओर ऑटो से जा रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े ट्रक से उनकी ऑटो टकरा गई, जिससे यह हादसा हुआ।
पुलिस इस बात का पता लगा रही है कि हादसा चालक की लापरवाही से हुआ या सड़क पर खड़े ट्रक के कारण विजिबिलिटी की समस्या थी। फिलहाल क्षतिग्रस्त ऑटो को मौके से हटा दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्द्र त्रिपाठी

