घर में सेंध लगाकर लाखों के गहने लूटे
हुगली, 25 फ़रवरी (हि.स.)। हुगली जिले के चुचूड़ा थाना अंतर्गत कोदालिया-(दो) ग्राम पंचायत के 120 नंबर बूथ इलाके में मंगलवार अपराह्न दिनदहाड़े चोरी की घटना सामने आई है। बैंक के काम से बाहर गए एक दंपती के घर में चार घंटे के भीतर चोरों ने सेंध लगाकर सोना-चांदी के आभूषण चुरा लिए।
घर के मालिक पार्थ चौधुरी ने बताया कि वह और उनकी पत्नी मंगलवार दोपहर बैंक के एक काम से घर से बाहर गए थे। शाम को लौटने पर उन्होंने देखा कि बाहर का मुख्य लोहे का गेट, जिसे वे ताला लगाकर गए थे, वैसा ही बंद था। लेकिन अंदर प्रवेश करने पर पाया कि घर का अंदरूनी दरवाजा खुला हुआ है और बेडरूम का कुंडा टूटा हुआ है।
बेडरूम में अलमारी खुली मिली और कागजात, फाइलें व पत्र इधर-उधर बिखरे पड़े थे। पार्थ के अनुसार, रोज़ की तरह अलमारी की चाबी बिस्तर के गद्दे के नीचे रखी थी, जिसे निकालकर चोरों ने अलमारी खोलकर सोना-चांदी के आभूषण चुरा लिए। चोरी गए आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब दो से ढाई लाख रुपये बताई जा रही है।
पीड़ित परिवार ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों की कोई व्यवस्था नहीं है और पुलिस गश्त भी नियमित रूप से नहीं होती। कुछ महीने पहले पास के एक घर में रात के समय डकैती की घटना भी हुई थी।
घर की मालकिन सुप्रिया दासगुप्ता चौधुरी ने कहा, “हम केवल कुछ घंटों के लिए बाहर गए थे, इतना बड़ा नुकसान होगा, सोचा नहीं था। चोर सिर्फ सोना-चांदी के गहने लेकर गए हैं, टीवी, कैमरा या लैपटॉप को हाथ नहीं लगाया।”
कोदालिया-(दो) पंचायत के सीपीएम सदस्य शुभंकर राहा ने भी पुलिस की सक्रियता पर सवाल उठाते हुए कहा कि पहले भी पास के घर में ऐसी घटना हुई थी, तब कुछ समय के लिए पुलिस सक्रिय हुई, लेकिन अब फिर से चोरी की घटनाएं हो रही हैं।
चौकी की सूचना मिलते ही बैंडेल पुलिस चौकी के अधिकारी ने बुधवार सुबह घटना की पुष्टि की और कहा कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही चोर पकड़े जायेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

