home page

सीतापुर में बहन की हत्या में दो सगे भाई गिरफ्तार

 | 
सीतापुर में बहन की हत्या में दो सगे भाई गिरफ्तार


सीतापुर, 27 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में सीतापुर के संदना थाना इलाके में दो दिन पहले मिली युवती की लाश मिलने के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने दावा किया है कि यह मामला ऑनर किलिंग का हैं, जिसमें सगे भाइयों ने ही अपनी बहन की हत्या की है।

संदना थाना प्रभारी अरविंद कटियार ने बताया कि मृतका की पहचान मछरेहटा थाना क्षेत्र के सतनपुर निवासी मोनिका (20) के रूप में हुई थी। उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। जांच में सामने आया कि मोनिका के प्रेम संबंधों से नाराज भाइयों ने 25 मार्च को गांव के बाहर ले जाकर लोहे के सब्बल से उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को रजाई में लपेटकर मोटरसाइकिल से लवली नहर पट्टी के पास फेंककर फरार हो गए थे।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपित महानंद (19) और शिवाकांत उर्फ रमाकांत (25) को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में प्रयुक्त सब्बल और मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतका के गर्भवती होने की पुष्टि हुई है। माना जा रहा है कि इसी बात से नाराज होकर भाईयो ने अपनी बहन की हत्या कर दी।

थाना प्रभारी अरविंद कटियार ने बताया कि बहन की हत्या में दोनों सगे भाइयों को गिरफ्तार कर शुक्रवार शाम जेल भेज दिया गया है

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Mahesh Sharma