हनी ट्रैप गैंग का खुलासा, तीन महिला समेत छह आरोपित गिरफ्तार
मुरादाबाद, 01 मार्च (हि.स.)। मुरादाबाद के थाना सिविल लाइन पुलिस ने रविवार को हनी ट्रैप गैंग का खुलासा किया। अवैध वसूली करने के आरोप में तीन महिलाओं समेत छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपितों के पास से 20,500 रुपये की नकदी और चार मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। सभी आरोपित मुरादाबाद के रहने वाले हैं।
पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह और सिविल लाइन सर्किल के क्षेत्राधिकारी कुलदीप गुप्ता ने रविवार को बताया कि थाना सिविल लाइन पुलिस ने इंस्पेक्टर मनीष सक्सेना के नेतृत्व में गठित टीम के द्वारा भोले भाले लोगों को फोन कॉल और चैटिंग के माध्यम से अपने जाल में फंसाकर गिरोह में शामिल महिलाओं के साथ आपत्तिजनक फोटो व वीडियो बनाकर वायरल करने और दुष्कर्म का झूठा मुकदमा लिखवाने की धमकी देकर अवैध वसूली करने वाले गिरोह को पकड़ा। एसपी सिटी ने बताया कि थाना सिविल लाइन क्षेत्र के चक्कर की मिलक निवासी सीबा उर्फ सानिया पत्नी शादाब, निशा उर्फ ईशा पत्नी जावेद, मुस्कान पुत्री मुराद, जावेद पुत्र नासिर, वसीम पुत्र मोहम्मद राशिद, और थाना बिलारी कोतवाली क्षेत्र के तेवर खास निवासी अमन उर्फ अमान पुत्र मुजाहिद को गिरफ्तार किया।
बताया कि थाना क्षेत्र निवासी विकास मेहरा ने थाना पुलिस में दी शिकायत में बताया था कि शिव उर्फ सानिया ने व्हाट्सएप तथा फोन करके उसे अपनी बातों में फंसा लिया और एक किराए के मकान में ले गई जहां पहले से मौजूद उसके साथी लोगों ने उसकी आपत्तिजनक फोटो खींच ली और वीडियो बना ली। इसके बाद वीडियो और फोटो दिखाकर उस पर दुष्कर्म का झूठा मुकदमा लिखवाने की धमकी दी। इसके बाद आरोपितों ने उससे 300000 रुपये की मांग की जिसमें से 50,000 रुपये उसने नकद दे दिए और बाकी रकम यूपीआई के माध्यम से 99000 रुपये ट्रांसफर कर दी शेष रकम देने के लिए कुछ दिनों का समय ले लिया। इसके बाद भी आरोपितों ने उसे ब्लैकमेल करना नहीं छोड़ा, जिसके बाद उसने थाना सिविल लाइन पुलिस से शिकायत की।
आरोपितों को गिरफ्तार करने वाली टीम में थाना सिविल लाइन के प्रभारी निरीक्षक मनीष सक्सेना, वरिष्ठ उपनिरीक्षक हरेंद्र सिंह, उप निरीक्षक मदन कुमार, सब इंस्पेक्टर अनुज कुमार व संजय कुमार, हेड कांस्टेबल अंकुल कुमार, विनय कुमार, कीर्ति, कांस्टेबल टिंकू, कुलदीप और सोनाली रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

