home page

रायपुर : अलग-जगहों पर तीन हत्याएं और चाकूबाजी, एक हिस्ट्रीशीटर गंभीर, दो नाबालिग समेत आधा दर्जन से अधिक आरोपित गिरफ्तार

 | 
रायपुर : अलग-जगहों पर तीन हत्याएं और चाकूबाजी, एक हिस्ट्रीशीटर गंभीर, दो नाबालिग समेत आधा दर्जन से अधिक आरोपित गिरफ्तार


रायपुर : अलग-जगहों पर तीन हत्याएं और चाकूबाजी, एक हिस्ट्रीशीटर गंभीर, दो नाबालिग समेत आधा दर्जन से अधिक आरोपित गिरफ्तार


रायपुर, 04 मार्च (हि.स.)। रायपुर जिले के ग्रामीण इलाकों में होली के दिन एक के बाद अलग-अलग जगहों पर तीन हत्याएं हुई है। इसके अलावा चाकूबाजी में एक हिस्ट्रीशीटर गंभीर रूप से घायल हो गया है। यह घटनाएं आरंग, खरोरा, बरबंदा और तिल्दा इलाके में हुईं है। पुलिस ने हत्या के वारदात में शामिल आरोपितों को चंद घंटों में गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार को आरंग इलाके के साहू पारा में होली के दिन की खुशियाँ उस वक्त मातम में बदल गईं, जब कुछ हुड़दंगी युवकों ने 18 वर्षीय नीरज लोधी की चाकू गोदकर उसकी हत्या कर दी। नीरज अपने घर का इकलौता चिराग था। प्राथमिक जांच में पाया गया कि नीरज के शरीर पर तीन गहरे चाकू के निशान और सिर पर गंभीर चोटें थीं। घटना के बाद इलाके में तनाव बढ़ गया। पुलिस ने आरोपित संजू निषाद और उसके अन्य साथियों के विरूद्ध हत्या का अपराध पंजीबद्ध कर हिरासत में लिया है।

थाना खरोरा क्षेत्रांतर्गत ग्राम माठ में डांस करने की बात को लेकर हुये विवाद में महिला हीरा बाई पटेल एवं 2 नाबालिग बालकों द्वारा चाकू से मोहित धीवर की हत्या कर दिये तथा दो अन्य देवा वर्मा तथा कमलनारायण यादव निवासी ग्राम माठ पर हंसिया से वार कर चोट पहुंचाये जिनका उपचार जारी है। प्रकरण में त्वरित कार्यवाही कर महिला आरोपित सहित विधि के साथ संघर्षरत दोनों बालक को हिरासत में लेकर अग्रिम कार्यवाही की जा रहीं है।

थाना विधानसभा क्षेत्रांतर्गत ग्राम मटिया में आपसी घरेलू विवाद में कमलेश विश्वकर्मा एवं अखिलेश विश्वकर्मा ने अपने सगे भाई दिनेश कुमार विश्वकर्मा डण्डा से सिर में प्राणघातक हमला कर दिया, जिससे दिनेश कुमार विश्वकर्मा की मृत्यु हो गयी। प्रकरण में आरोपितों के विरूद्ध थाना विधानसभा में अपराध क्रमांक 81/25 धारा 103(1), 3(5) बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध किया गया। प्रकरण में त्वरित कार्यवाही कर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है।

तिल्दा इलाके में होली के दौरान हुई चाकूबाजी में एक हिस्ट्रीशीटर लाला यादव गंभीर रूप से घायल हुआ और उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है। जानकारी के अनुसार, थाना तिल्दा नेवरा क्षेत्रांतर्गत रेलवे फाटक पास स्थित अटल आवास में डांस करने की बात को लेकर हुये विवाद में गोलू उर्फ़ कछुवा द्वारा अपने पास रखे चाकू से हिस्ट्रीशीटर लाला यादव निवासी तिल्दा के पेट पर मारकर हमला किया गया। प्रकरण में त्वरित कार्यवाही करते हुये आरोपित गोलू उर्फ कछुवा को हिरासत में लेकर अग्रिम कार्यवाही की जा रहीं है।

रायपुर ग्रामीण में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोपितों को चंद घंटों में गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर