home page

अनूपपुर: हिस्ट्रीशीटर श्रीराम विश्वकर्मा को पुलिस ने नासिक से दबोचा, भेजा गया जेल

 | 
अनूपपुर: हिस्ट्रीशीटर श्रीराम विश्वकर्मा को पुलिस ने नासिक से दबोचा, भेजा गया जेल


अनूपपुर, 04 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में स्थित रामपुर बटुरा ओपन कोल खदान में संचालित जय अम्बे प्राइवेट लिमिटेड के कार्यालय में देशी कट्टे से फायर कर कर्मचारियों की हत्या का प्रयास करने वाला मुख्य आरोपी श्रीराम विश्वकर्मा को पुलिस ने महाराष्ट्र के नासिक से गिरफ्तार कर कब्जे से घटना में प्रयुक्त देशी कट्टा भी बरामद कर लिया है।

ज्ञात हो कि आरोपी पर पूर्व से 31 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं, जिसका लंबा आपराधिक इतिहास सामने आया है। शनिवार को उसे न्यायलय में प्रस्तुत किया गया जहां से जेल भेज दिया गया।

कार्यालय में घुसकर की थी फायरिंग

थाना प्रभारी अरविन्द जैन ने बताया कि 7 जून की दोपहर जय अम्बे इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड के ग्राम खांडा स्थित कार्यालय में टाइमकीपर अमन सिंह क्षत्रीय सहित अन्य कर्मचारी कार्य कर रहे थे। तभी श्रीराम विश्वकर्मा अपने दो साथियों पप्पू विश्वकर्मा और मिथलेश चर्मकार के साथ कार्यालय में घुस कर कर्मचारियों पर अपने लोगों को काम पर नहीं रखने का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर श्रीराम विश्वकर्मा ने देशी कट्टा निकालकर कर्मचारियों पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। हालांकि मौके पर मौजूद सुरक्षा गार्ड ने धक्का देकर हमले को विफल कर दिया, जिससे गोली कार्यालय की फर्श में जा धंसी और बड़ी घटना टल गई। तीनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। इस मामले में थाना कोतवाली अनूपपुर में बीएनएस की विभिन्न धाराओं एवं आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।

दो आरोपी पहले ही भेजे जा चुके हैं जेल

विवेचना के दौरान पुलिस ने 10 जून को पप्पू विश्वकर्मा तथा 11 जून को मिथलेश चर्मकार को जेल भेज दिया हैं। मुख्य आरोपी श्रीराम विश्वकर्मा घटना के बाद लगातार फरार चल रहा था। कोतवाली पुलिस एवं साइबर सेल ने लगातार तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र के आधार पर आरोपी की तलाश जारी रखी। आखिरकार पुलिस टीम ने महाराष्ट्र के नासिक पहुंचकर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया और पूछताछ के दौरान घटना में प्रयुक्त देशी कट्टा भी जब्त कर लिया गया।

31 मामलों का हिस्ट्रीशीटर निकला आरोपी

गिरफ्तार आरोपी श्रीराम विश्वकर्मा के विरुद्ध हत्या के प्रयास, मारपीट, बलवा, चोरी, आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न गंभीर अपराधों के 31 आपराधिक प्रकरण अनूपपुर, अमलाई, चचाई और अन्य थाना क्षेत्रों में दर्ज पाए गए हैं। पुलिस द्वारा जारी आपराधिक रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय रहा है।

पुलिस टीम होगी सम्मानित

मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब ने पूरी टीम को पुरस्कृत किए जाने की घोषणा की है। जिसमे थाना प्रभारी अरविन्द जैन, उपनिरीक्षक जयपुष लकड़ा, प्रधान आरक्षक महेन्द्र सिंह, शिवशंकर प्रजापति, साइबर सेल राजेन्द्र अहिरवार, पंकज मिश्रा, आरक्षक अमित यादव की भूमिका रही।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला