मैरिज गार्डन से लौट रहे हिस्ट्रीशीटर की गोली मारकर हत्या, 12 आरोपितों पर केस दर्ज
नौ नामजद और तीन अज्ञात हमलावरों की तलाश में पुलिस की चार टीमें गठित, पीएम हाउस पर परिजनों का हंगामा
मुरैना, 24 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में सोमवार रात अंबाह बाईपास पर बदमाशों ने हिस्ट्रीशीटर कृष्णा गुर्जर की गोली मारकर हत्या कर दी। कृष्णा मैरिज गार्डन से भोजन कर अपने घर लौट रहा था, तभी घात लगाकर बैठे हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। वारदात के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल कृष्णा को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने नौ नामजद और तीन अज्ञात आरोपितों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आई है। मृतक कृष्णा गुर्जर अपने पिता सुल्तान गुर्जर का इकलौता बेटा था। उसके खिलाफ मुरैना, ग्वालियर, शिवपुरी और राजस्थान के धौलपुर में कई आपराधिक प्रकरण दर्ज थे। वह कुछ समय पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आया था। बताया जा रहा है कि हमलावर भी आदतन अपराधी हैं।
नौ नामजद सहित 12 के खिलाफ मामला दर्ज
हत्या के मामले में पुलिस ने भानु गुर्जर और बंटी गुर्जर सहित नौ नामजद तथा तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस अधीक्षक ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए चार विशेष टीमें गठित की हैं। ये टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस ने शव का एक्स-रे कराने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कराई।
पीएम हाउस पर परिजनों का धरना, शव एंबुलेंस से उतारने से इनकार
हत्या के बाद मृतक के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण पीएम हाउस पहुंच गए। तनाव और किसी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। परिजनों ने आरोपितों के मकान तोड़ने की मांग करते हुए धरना शुरू कर दिया। एक्स-रे और अन्य जांच के बाद शव को एंबुलेंस से पीएम हाउस लाया गया, लेकिन परिजनों ने शव एंबुलेंस से उतारने से इनकार कर दिया। उन्होंने एंबुलेंस का रास्ता रोककर उसके सामने धरना शुरू कर दिया। पुलिस अधिकारी परिजनों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं। समाचार लिखे जाने तक शव एंबुलेंस में ही था और परिजन अपनी मांग पर अड़े हुए थे।
मृतक के भतीजे रोहन गुर्जर ने आरोप लगाया कि उनके चाचा की हत्या भानु गुर्जर सहित 10-12 लोगों ने की है। उसने बताया कि घटना के समय वह भी चाचा के साथ था, लेकिन किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाई।
नगर पुलिस अधीक्षक कविंद्र सिंह चौहान ने बताया कि युवक की गोली मारकर हत्या की गई है। मामले में नौ नामजद और तीन अज्ञात आरोपितों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें रवाना कर दी गई हैं। प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह पुरानी रंजिश सामने आई है। मृतक के खिलाफ भी कई आपराधिक मामले दर्ज थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

