अवैध संबंधों के शक में हुई हिस्ट्रीशीटर की हत्या, दो आरोपित गिरफ्तार
बांदा, 04 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में मटौंध थाना क्षेत्र स्थित दुरेंडी गांव में अवैध संबंधों के शक को लेकर तीन अगस्त काे शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद में हिस्ट्रीशीटर धर्मेंद्र की उसके दो साथियों ने ईंट से पीटकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने मंगलवार काे वारदात का खुलासा करते हुए दोनों आरोपिताें को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना प्रभारी दीपेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि 3 अगस्त की रात 9 बजे दुरेंडी गांव स्थित एक प्लॉट में धर्मेंद्र अपने दो साथियों संजू और सागर के साथ शराब पी रहा था। शराब के नशे में अवैध संबंधों को लेकर तीनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते गाली-गलौज और मारपीट में बदल गई। आरोप है कि संजू और सागर ने मिलकर धर्मेंद्र पर ईंट से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद दोनों आरोपित फरार हो गए थे।
मृतक धर्मेंद्र के भाई मुलायम की तहरीर पर मटौंध थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपिताें की तलाश शुरू कर दी। मंगलवार को सूचना पर पुलिस ने खदान तिराहा, केन नदी रोड के पास से आराेपित संजू और सागर काे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शराब के नशे में अवैध संबंधों को लेकर हुए विवाद के बाद आराेपिताें ने हत्या की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
------------
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

