home page

बिजनौर में 26 वर्षों से पहचान छिपाकर रह रहे हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार

 | 
बिजनौर में 26 वर्षों से पहचान छिपाकर रह रहे हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार


बिजनौर, 22 अगस्त (हि.स.)। जनपद बिजनौर के थाना अफजलगढ़ में संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने सूचना पर मजार कट के पास करीब 25-26 वर्षों से अपनी असली पहचान छिपाकर फर्जी नाम-पते के सहारे रह रहे एक हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से फर्जी नाम-पते वाला आधार कार्ड और पासपोर्ट बरामद किया है।

पूछताछ में आरोपित ने पूर्व के मुकदमों में सजा से बचने के लिए अपनी पहचान छिपाकर रहने की बात पुलिस को बताई। शनिवार को प्रभारी निरीक्षक मृदुल कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि 21 अगस्त को अफजलगढ़ पुलिस संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना पर पुलिस ने मजार कट के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया।

पूछताछ के साथ यक्ष ऐप से फोटो का मिलान कराया गया और स्थानीय स्तर पर पहचान कराई गई। इसके बाद उसकी पहचान इस्लामुद्दीन (हिस्ट्रीशीटर संख्या 133ए) निवासी मोहल्ला मियांजी मौखा, कस्बा एवं थाना अफजलगढ़ के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार आरोपित करीब 25-26 वर्षों से अपनी वास्तविक पहचान छिपाकर रह रहा था। तलाशी के दौरान उसके पास से एक पासपोर्ट और एक आधार कार्ड बरामद हुआ। दोनों दस्तावेजों में फर्जी नाम-पता अंकित पाया गया। पुलिस की पूछताछ में आरोपित ने फर्जी नाम-पते से आधार कार्ड और पासपोर्ट बनवाकर अपनी असली पहचान छिपाने की बात स्वीकार की।

पुलिस के मुताबिक, आरोपित पूर्व में दर्ज मुकदमों में सजा से बचने के लिए अपनी पहचान बदलकर रह रहा था। मामले में पुलिस ने आरोपित के खिलाफ बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, इस्लामुद्दीन का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 1996 में धारा 25 आर्म्स एक्ट और वर्ष 1997 में धारा 394 भादवि के तहत मुकदमे दर्ज हुए थे। इसके अलावा वर्तमान मामले में वर्ष 2026 का मुकदमा भी दर्ज किया गया है |-----------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र