रायपुर में सूने मकान का ताला तोड़कर 10 लाख की चोरी करने वाला हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार
-खमतराई के शिवानंद नगर में दिया था वारदात को अंजाम
-सोने-चांदी के जेवरात, मोबाइल सहित चोरी का सामान बरामद
रायपुर, 18 नवंबर (हि. स.)। राजधानी रायपुर में सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के जेवरात और अन्य सामान चोरी करने वाले हिस्ट्रीशीटर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान रोहन ताम्रकार (20) निवासी नहरपारा, शिवनगर, थाना गुढ़ियारी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के जेवरात, मोबाइल फोन और अन्य सामान सहित करीब 10 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी शिव निर्मलकर निवासी शिवानंद नगर, अंजनी विहार कॉलोनी, खमतराई 8 नवंबर 2026 को अपने मकान में ताला लगाकर परिवार सहित गृहग्राम गया था। 12 नवंबर को वापस लौटने पर उसने देखा कि घर के दरवाजे का ताला टूटा हुआ है। अंदर जाकर जांच करने पर अलमारी खुली मिली और उसका लॉकर भी टूटा हुआ था। लॉकर में रखे सोने-चांदी के जेवरात, नकदी, मोबाइल फोन और अन्य सामान गायब थे।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना खमतराई में अपराध क्रमांक 1207/26 के तहत धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (उत्तर क्षेत्र) दीपमाला कश्यप ने आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और खमतराई पुलिस की संयुक्त टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा आसपास के लोगों से पूछताछ कर सीसीटीवी फुटेज खंगाले।
जांच के दौरान पुलिस ने पुराने चोरी के आरोपियों और हाल ही में जेल से छूटे संदिग्धों की जानकारी जुटाई। इसी बीच सूचना मिली कि गुढ़ियारी थाने का हिस्ट्रीशीटर रोहन ताम्रकार घटना के दिन देर रात घटनास्थल के आसपास संदिग्ध हालत में देखा गया था। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में आरोपित पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन साक्ष्यों के आधार पर पूछताछ करने पर उसने चोरी की वारदात कबूल कर ली।
पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के जेवरात, मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद किया है। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपित रोहन ताम्रकार थाना गुढ़ियारी का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ चोरी, मारपीट और आर्म्स एक्ट सहित आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। इन मामलों में वह पहले जेल में भी निरुद्ध रह चुका है। फिलहाल पुलिस आरोपित के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

