home page

पुलिस का सघन जांच अभियान: 132 हिस्ट्रीशीटर व गुंडा-निगरानी बदमाशों की चेकिंग, 11 वारंटी गिरफ्तार

 | 
पुलिस का सघन जांच अभियान: 132 हिस्ट्रीशीटर व गुंडा-निगरानी बदमाशों की चेकिंग, 11 वारंटी गिरफ्तार


रायपुर, 12 अप्रैल (हि.स.)। शहर में आपराधिक तत्वों पर लगाम लगाने रविवार अलसुबह से रायपुर पुलिस के सेंट्रल ज़ोन में व्यापक विशेष अभियान संचालित किया गया। यह अभियान पुलिस उपायुक्त सेंट्रल ज़ोन आईपीएस उमेश प्रसाद गुप्ता एवं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त मध्य ज़ोन तारकेश्वर पटेल के मार्गदर्शन में थाना कोतवाली, गोलबाजार, मौदहापारा, गंज, सिविल लाइन, देवेंद्र नगर एवं तेलीबांधा पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से चलाया गया।

अभियान के दौरान पुराने हिस्ट्रीशीटर, गुंडा बदमाशों एवं निगरानी बदमाशों को तलब कर थानों में उपस्थित कराया गया तथा उनकी विधिवत परेड ली गई। साथ ही पुराने चाकूबाजी के आरोपितों की सरप्राइज चेकिंग की गई एवं उनके गतिविधियों को चेक किया गया। जिन क्षेत्रों में अभियान संचालित किया गया, वहाँ वारंटियों की पतासाजी हेतु विशेष दबिश दी गई, जिसके परिणामस्वरूप 8 स्थाई वारंटियों को मिलाकर कुल 11 वारंटियों को भी गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त हुई है। सभी के विरुद्ध विधिवत कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

अभियान के दौरान उपस्थित बदमाशों को आपराधिक गतिविधियों से दूर रहने, नियमित थाना हाजिरी देने एवं कानून व्यवस्था का पालन करने की सख्त हिदायत दी गई। साथ ही उनकी पहचान सुनिश्चित करने हेतु फिंगर प्रिंट लेकर नेफीस में एंट्री की कार्यवाही भी की गई।

समेकित विश्लेषण अनुसार, (132 गुंडा एवं निगरानी बदमाश): लगभग 28 प्रतिशत बदमाश थाना उपस्थित होकर सत्यापन व परेड में शामिल हुए।

करीब 20 प्रतिशत बदमाश अपने निवास पर नहीं पाए गए एवं फरार पाए गए, जिनकी तलाश अभियानिक स्तर पर जारी है तथा इनके विरुद्ध पृथक रूप से फोकस कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। लगभग 24 प्रतिशत बदमाश वर्तमान में जेल में निरुद्ध पाए गए। शेष बदमाश अपने निवास स्थान पर पाए गए, जिनको उनके निवास जाकर चेक किया गया।

पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया है कि, इस प्रकार की सघन, लक्षित एवं निरंतर कार्यवाही आगे भी जारी रहेगी, जिससे असामाजिक तत्वों में कानून का भय बना रहे तथा आम नागरिकों को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर