हिसार में ट्रेन से डोडा चूरा बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार
बीकानेर, 11 सितंबर (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने ‘ऑपरेशन नारकोस’ के तहत कोटा-सिरसा एक्सप्रेस से 24.935 किलोग्राम डोडा चूरा बरामद कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 3.74 लाख रुपये बताई गई है।
आरपीएफ की यात्री सामान चोरी टीम हिसार के प्रभारी उप निरीक्षक सतपाल सिंह, हेड कांस्टेबल शैलेंद्र, हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र, कांस्टेबल दीपक सोलंकी और जीआरपी हिसार की एनडीपीएस टीम ट्रेन संख्या 19813 कोटा-सिरसा एक्सप्रेस में संयुक्त चेकिंग कर रही थी। हिसार-मंडी आदमपुर रेलवे स्टेशन के बीच सामान्य कोच में सीट के नीचे तीन लावारिस बैग मिले। इसी दौरान एक संदिग्ध यात्री टीम को देखकर वहां से जाने लगा। पूछताछ करने पर उसने तीनों बैग अपना होना बताया। मादक पदार्थ होने की आशंका पर आरपीएफ और जीआरपी टीम यात्री तथा बैग को मंडी आदमपुर स्टेशन ले गई। ड्यूटी मजिस्ट्रेट अंशुमन ठुकराल की मौजूदगी में बैग की तलाशी लेने पर 24.935 किलोग्राम डोडा चूरा बरामद हुआ।
जीआरपी ने मादक पदार्थ जब्त कर आरोपी के खिलाफ राजकीय रेलवे पुलिस थाना हिसार में एफआईआर संख्या 94/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 15 में मामला दर्ज किया है।
रेलवे के अनुसार वर्ष 2026 में उत्तर पश्चिम रेलवे में ‘ऑपरेशन नारकोस’ के तहत अब तक 53 मामलों में कार्रवाई करते हुए पांच क्विंटल 18 किलोग्राम अफीम, गांजा, डोडा चूरा और डोडा पोस्त बरामद किया गया है। इसकी अनुमानित कीमत 1.18 करोड़ रुपये से अधिक है। इन मामलों में 35 तस्करों को गिरफ्तार कर अग्रिम कार्रवाई के लिए जीआरपी, सिविल पुलिस और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो को सौंपा गया है।
आरपीएफ के अनुसार ट्रेनों में नियमित गश्त, सीसीटीवी निगरानी और संदिग्ध यात्रियों की जांच के साथ जीआरपी, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो और स्थानीय पुलिस के समन्वय से मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

