home page

धोखाधड़ी और अवैध हथियार मामले में सैयद इकबाल गिरफ्तार

 | 
धोखाधड़ी और अवैध हथियार मामले में सैयद इकबाल गिरफ्तार


बर्दवान, 22 जून (हि.स.)।

बर्नपुर में धोखाधड़ी और अवैध हथियार रखने के आरोप में गिरफ्तार आरोपी सैयद इकबाल को सोमवार को हीरापुर थाना पुलिस ने अदालत में पेश किया। मामले की विस्तृत जांच और पूछताछ के लिए पुलिस ने अदालत से आरोपी को दस दिनों की पुलिस रिमांड पर देने की मांग की है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, हीरापुर थाना कांड संख्या 167/26 (दिनांक 20 जून 2026) के आधार पर सैयद इकबाल को गिरफ्तार किया गया। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316(2), 318, 117(2), 3(5), 2(B) के अलावा शस्त्र अधिनियम की धारा 25/27 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

जांच से जुड़े सूत्रों का दावा है कि गौरतला क्षेत्र निवासी सैयद इकबाल को रविवार देर रात गिरफ्तार किया गया। आरोप है कि वह एक कथित धोखाधड़ी गिरोह से जुड़ा हुआ था तथा अवैध हथियार रखने के मामले में भी उसकी संलिप्तता सामने आई है।

पुलिस का कहना है कि मामले की वास्तविक स्थिति का पता लगाने, कथित धोखाधड़ी नेटवर्क से जुड़े अन्य संभावित लोगों की पहचान करने और बरामद हथियार के स्रोत तक पहुंचने के लिए आरोपी से हिरासत में पूछताछ आवश्यक है। इसी आधार पर अदालत से 10 दिन की पुलिस रिमांड की मांग की गई है।

जांच अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ के दौरान मामले से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं और अन्य संभावित सहयोगियों की भूमिका का भी खुलासा हो सकता है।

सोमवार को अदालत में पुलिस रिमांड की अर्जी पर सुनवाई हुई।

अदालत ने 7 दिनों की पुलिस रिमांड मंजूर कर पुलिस हिराफत में भेज दिया। फिलहाल मामले की जांच हीरापुर थाना पुलिस द्वारा जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा