home page

दमोहः हिनौता में जुआ फड़ पर पुलिस कार्रवाई के बाद व्यक्ति की मौत, परिजनों ने लगाया मारपीट का आरोप; आठ पुलिसकर्मी लाइन अटैच

 | 

दमोह, 25 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दमोह जिले में जुआ फड़ पर पुलिस कार्रवाई के दौरान करीब 50 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत के बाद हंगामा खड़ा हो गया। घटना हिंडोरिया थाना क्षेत्र के ग्राम हिनौता में गुरुवार रात की बताई जा रही है। मृतक की पहचान टिकरी पिपरिया निवासी शिव सिंह लोधी के रूप में हुई है। मृतक के परिजनों ने पुलिस पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस का कहना है कि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम और चिकित्सकीय जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

जानकारी के अनुसार हिनौता क्षेत्र में जुआ फड़ संचालित होने की सूचना मिलने पर हिंडोरिया और बांदकपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर कार्रवाई की। पुलिस के पहुंचते ही वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई और कई लोग मौके से भागने लगे। इसी दौरान पुलिस की पकड़ में शिव सिंह लोधी भी आए। पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें तत्काल हिंडोरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

शिव सिंह की मौत की खबर मिलते ही उनके परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए। परिजनों ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए पुलिसकर्मियों पर मारपीट का आरोप लगाया। इसके बाद अस्पताल परिसर में हंगामे की स्थिति बन गई। देर रात तक तनाव बना रहा। स्थिति को देखते हुए आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया, जिसके बाद पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाकर स्थिति नियंत्रित करने का प्रयास किया।

घटना की जानकारी मिलने के बाद कांग्रेस के स्थानीय नेता भी अस्पताल पहुंचे और मृतक के परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की। परिजनों का कहना है कि पुलिस कार्रवाई के दौरान शिव सिंह के साथ मारपीट की गई, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ी और उनकी मौत हो गई। हालांकि, पुलिस ने इस आरोप की पुष्टि नहीं की है और मौत के कारण को लेकर चिकित्सकीय जांच को आधार बनाया जा रहा है।

शुक्रवार को दमोह पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी ने बताया कि जुआ फड़ों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हिनौता में पुलिस टीम ने कार्रवाई की थी। कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति की तबीयत बिगड़ने के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मृत्यु हो गई। मौत के वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए शव का सागर मेडिकल कॉलेज में विशेषज्ञ चिकित्सकों के पैनल से पोस्टमार्टम कराने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक के अनुसार प्रारंभिक जानकारी में यह भी सामने आया है कि मृतक को पहले से हृदय संबंधी बीमारी थी और उसका उपचार नागपुर में चल रहा था। हालांकि, पुलिस कार्रवाई के दौरान वास्तव में क्या हुआ और किन परिस्थितियों में उसकी तबीयत बिगड़ी, इसकी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य चिकित्सकीय जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

घटना को लेकर उठ रहे सवालों के बीच पुलिस विभाग ने कार्रवाई में शामिल पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को लाइन अटैच कर दिया है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार इस मामले में आठ पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है, ताकि जांच प्रक्रिया किसी तरह प्रभावित न हो।

फिलहाल पुलिस की कार्रवाई, मृतक की स्वास्थ्य स्थिति और उसकी मौत के बीच की परिस्थितियों की अलग-अलग पहलुओं से जांच की जा रही है। पुलिस के सामने अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट में मौत की वजह सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि शिव सिंह की मौत किन परिस्थितियों में हुई। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / हंसा वैष्णव