जबलपुरः हनुमान जन्मोत्सव के पोस्टर फाड़े जाने पर बवाल, पुलिस से 24 घंटे में कार्रवाई की मांग
जबलपुर, 31 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर के आधारताल क्षेत्र में हनुमान जन्मोत्सव के पोस्टर फाड़े जाने की घटना के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया है। इस घटना से नाराज हिंदू संगठनों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है। मंगलवार को हिन्दू संगठन ने उच्च अधिकारियो से इस मामले पर ठोस कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार रात आधारताल से रद्दी चौकी तक लगे हनुमान जन्मोत्सव के पोस्टरों को अज्ञात शरारती तत्वों द्वारा फाड़ दिया गया। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ युवक बाइक से आते हुए पोस्टर फाड़ते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद हिंदू संगठनों में आक्रोश फैल गया। इसके विरोध में हिन्दू धर्म सेना के कार्यकर्ताओं ने आधारताल थाने का घेराव कर जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों ने पुलिस को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। हिन्दू धर्म सेना के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटे के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं धार्मिक भावनाओं को आहत करती हैं और इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
वहीं, आधारताल थाना प्रभारी प्रवीण कुमरे ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

