home page

मंदसौर : युवती से दुष्कर्म व ब्लैकमेल का आरोप, आरोपी गिरफ्तार

 | 
मंदसौर : युवती से दुष्कर्म व ब्लैकमेल का आरोप, आरोपी गिरफ्तार


मंदसौर, 22 अप्रैल (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के मंदसौर शहर में एक युवती के साथ गंभीर अपराध का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने दुष्कर्म, धमकी और हमला सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।

कोतवाली थाना पुलिस के अनुसार युवती ने शिकायत दर्ज कराई कि वह एक इवेंट कंपनी में कार्यरत है। करीब चार वर्ष पहले उसकी पहचान नई आबादी निवासी जुनैद नामक युवक से हुई थी। परिचय के बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई।

पीड़िता का आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने एक अवसर पर नशीला पदार्थ देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। साथ ही आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उसे लंबे समय तक ब्लैकमेल करता रहा। बाद में युवती ने उससे संपर्क बंद कर दिया था।

शिकायत में कहा गया है कि 18 अप्रैल को आरोपी ने फिर से संपर्क कर कथित वीडियो भेजा और मिलने का दबाव बनाया। इसके बाद 20 अप्रैल की रात युवती उससे मिलने पहुंची, जहां आरोपी ने दोबारा जबरदस्ती करने का प्रयास किया। विरोध करने पर उस पर चाकू से हमला कर घायल कर दिया। पीड़िता किसी तरह वहां से निकलकर थाने पहुंची और पूरी घटना की शिकायत दर्ज कराई।

थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह राठौर ने बताया कि युवती की शिकायत पर मोहम्मद जुनैद (25) निवासी नई आबादी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया गया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया