home page

अनूपपुर में घरेलू विवाद बना जानलेवा: पति की पिटाई से पत्नी की मौत

 | 
अनूपपुर में घरेलू विवाद बना जानलेवा: पति की पिटाई से पत्नी की मौत


अनूपपुर, 02 मई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले के राजेंद्रग्राम थाना क्षेत्र अंतर्गत घुटईकला गांव में शनिवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां घरेलू विवाद के बाद पति की मारपीट से घायल महिला की उपचार के अभाव में मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी पति फरार हो गया है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

जानकारी के अनुसार, गांव निवासी धनराज सिंह का 25 अप्रैल को अपनी 40 वर्षीय पत्नी लमिया बाई से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर उसने पत्नी के साथ बेरहमी से मारपीट की। इस हमले में महिला का पैर टूट गया और शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आईं।

बताया जा रहा है कि घटना के बाद भी आरोपी पति ने पत्नी को अस्पताल नहीं ले जाया। उसे आशंका थी कि अस्पताल में इलाज कराने पर मामला पुलिस तक पहुंच जाएगा और उसके खिलाफ कार्रवाई हो सकती है। इसी डर के चलते वह घर पर ही जड़ी-बूटियों से इलाज करता रहा, जिससे महिला की हालत लगातार बिगड़ती गई।

समुचित उपचार न मिलने के कारण शुक्रवार शाम लमिया बाई ने दम तोड़ दिया। पत्नी की मौत के बाद आरोपी पति गांव से फरार हो गया।

शनिवार को ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपी की तलाश जारी है।

यह घटना घरेलू हिंसा और समय पर उपचार न मिलने के गंभीर परिणामों को उजागर करती है, साथ ही यह भी दर्शाती है कि भय या कानूनी आशंका के कारण इलाज में देरी कितनी घातक साबित हो सकती है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला