बलरामपुर : राष्ट्रीय राजमार्ग पर लूट और मारपीट करने वाले चार आरोपित गिरफ्तार, बोलेरो वाहन जब्त
बलरामपुर, 13 जून (हि.स.)। शनिवार को थाना कोतवाली बलरामपुर पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर बस रोककर चालक एवं कंडक्टर के साथ मारपीट और लूट की घटना में शामिल चार आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन को भी जब्त किया है।
बलरामपुर पुलिस के द्वारा आज जारी विज्ञप्ति के अनुसार, अपराध क्रमांक 93/2026 धारा 126(2), 309(6), 310(2), 296, 115(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही थी। गिरफ्तार आरोपितों में जितेन्द्र गुप्ता (30 वर्ष), प्रिंस कुमार दूबे (27 वर्ष), चंचलेश मंडल उर्फ बिट्टू (21 वर्ष) तथा दिनेश कुमार उर्फ निरहुआ (20 वर्ष) शामिल हैं, जो अलग-अलग थाना क्षेत्रों के निवासी हैं।
घटना 10 जून 2026 की बताई गई है, जब दलधोवा घाट स्थित शिव मंदिर के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग पर मोती श्री बस को रोककर आरोपितों द्वारा चालक एवं कंडक्टर के साथ मारपीट कर लूट की गई थी। घटना के बाद आरोपित बोलेरो वाहन में फरार हो गए थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी सीमावर्ती थानों में नाकाबंदी की, लेकिन आरोपित जंगल और रात्रि का फायदा उठाकर फरार हो गए थे। इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर लगातार उनकी तलाश की गई।
मुख्य आरोपित जितेन्द्र गुप्ता को मुखबिर की सूचना पर थाना पटना, जिला एमसीबी क्षेत्र से गिरफ्तार कर थाना बलरामपुर लाया गया। पूछताछ के दौरान आरोपित ने अपराध स्वीकार करते हुए अपने साथियों की जानकारी दी, जिसके आधार पर अन्य तीन आरोपियों को भी अलग-अलग स्थानों से हिरासत में लिया गया।
पुलिस पूछताछ में सभी आरोपितों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। मुख्य आरोपित के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन क्रमांक UP64AT6717 को जब्त किया गया है।
पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर सभी आरोपितों को आज विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जिला जेल रामानुजगंज भेजा जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

