home page

लुटेरी दुल्हन का हाईवे ड्रामा: शादी का झांसा देकर ठगी, बीच सड़क पर किया हंगामा

 | 
लुटेरी दुल्हन का हाईवे ड्रामा: शादी का झांसा देकर ठगी, बीच सड़क पर किया हंगामा


अशोकनगर, 30 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले में लुटेरी दुल्हन गिरोह का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जबलपुर से अपने बेटे के लिए रिश्ता पक्का करने पहुंचे परिवार को शादी का झांसा देकर ठग लिया गया और रास्ते में युवती ने नाटकीय हंगामा खड़ा कर दिया।

जानकारी के अनुसार जबलपुर निवासी बाबूलाल विश्वकर्मा अपने बेटे दीपक के लिए विवाह योग्य लड़की की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान एक रिश्तेदार के माध्यम से गुना निवासी काजल गोस्वामी का प्रस्ताव आया। बातचीत आगे बढ़ने पर युवती के कथित भाई देवेंद्र गोस्वामी ने खुद को असहाय बताते हुए भावनात्मक कहानी सुनाई और परिवार को अशोकनगर की शंकर कॉलोनी में मिलने के लिए बुलाया।

मुलाकात के दौरान युवती ने शादी के लिए सहमति जताई, लेकिन भाई के खर्च के नाम पर एक लाख रुपये की मांग रखी। परिवार ने भरोसा करते हुए तुरंत 55 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। शेष राशि बाद में देने और कोर्ट मैरिज जबलपुर में करने की बात तय हुई।

परिवार युवती को साथ लेकर जबलपुर के लिए रवाना हुआ। रास्ते में कजराई के पास युवती ने शौचालय जाने के बहाने वाहन रुकवाया। जैसे ही वह गाड़ी से उतरी, उसने अचानक शोर मचाना शुरू कर दिया और परिवार पर अपहरण का आरोप लगाने लगी। युवती के शोर मचाने पर राहगीर और पुलिस मौके पर पहुंची। पूछताछ के दौरान जब पीड़ित परिवार ने पूरी घटना बताई, तो मामला स्पष्ट हो गया और युवती की साजिश उजागर हो गई।

देहात थाना पुलिस ने मुख्य आरोपी काजल गोस्वामी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। वहीं, उसका कथित भाई देवेंद्र गोस्वामी और अन्य साथी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र ताम्रकार