home page

हाईटेंशन टावर पर चढ़ी किशोरी, नीचे उतारने में पुलिस के छूटे पसीने

 | 
हाईटेंशन टावर पर चढ़ी किशोरी, नीचे उतारने में पुलिस के छूटे पसीने


बांदा, 04 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में परिजनों की एक डांट से नाराज होकर घर से निकली 17 वर्षीय किशोरी ने बुधवार सुबह ऐसा कदम उठा लिया कि पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। रातभर इधर-उधर भटकने के बाद वह केन नदी किनारे लगे हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ गई। ऊंचाई पर किशोरी को बैठा देखकर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने काफी देर तक मान-मनौव्वल की। आखिरकार पुलिसकर्मियों के समझाने के बाद किशोरी को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।

मामला मटौंध थाना क्षेत्र के पहाड़िया भूरागढ़ गांव का है। बताया जाता है कि तीन नवंबर की रात किशोरी का अपनी बहन से विवाद हो गया था। इसके बाद परिजनों ने उसे प्रेमी से मोबाइल पर बातचीत करने को लेकर डांट दिया। इसी बात से नाराज होकर वह रात करीब नौ बजे घर से निकल गई। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। रात 10:27 बजे डायल 112 पर सूचना दी गई। पुलिस ने भूरागढ़, केन नदी पुल, नदी घाट, किला, रोडवेज बस स्टॉप और रेलवे स्टेशन सहित कई संभावित स्थानों पर खोजबीन की।

उधर, किशोरी के पिता ने पुलिस को तहरीर देकर गांव के ही साहिल पर बेटी को भगाने की आशंका जताई। पिता का आरोप था कि साहिल उसकी बेटी से मोबाइल पर बातचीत करता था और उसी ने उसे फोन भी दिया था। इस आधार पर चार नवंबर की रात 2:59 बजे भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने किशोरी की तलाश के लिए दो टीमें लगाईं।

बुधवार सुबह करीब नौ बजे पुलिस को खबर मिली कि केन नदी के पास हाईटेंशन ट्रांसमिशन लाइन के टावर पर एक लड़की चढ़ी हुई है। सूचना मिलते ही भूरागढ़ चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अरविंद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहां मौजूद किशोरी की पहचान लापता लड़की के रूप में हुई। पुलिसकर्मियों ने उसे काफी देर तक समझाया और किसी तरह सुरक्षित नीचे उतार लिया।

पुलिस के मुताबिक, किशोरी ने पूछताछ में बताया कि वह साहिल से मोबाइल पर बात करती थी। इसी बात को लेकर माता-पिता ने उसे डांटा था। नाराज होकर वह घर से निकल गई और रात में केन नदी पुल के आसपास छिपी रही। सुबह वह हाईटेंशन टावर पर चढ़ गई थी।

क्षेत्राधिकारी नगर सौरभ सिंह ने बताया कि तीन नवंबर को 17 वर्षीय किशोरी के लापता होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर दो टीमों को तलाश में लगाया था। अगले दिन किशोरी के हाईटेंशन टावर पर चढ़े होने की जानकारी मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे समझा-बुझाकर सकुशल नीचे उतार लिया। मामले में नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह