home page

हाईटेंशन लाइन से तार चोरी करते करंट की चपेट में आए दो बदमाश, एक की मौत, दूसरा गंभीर

 | 
हाईटेंशन लाइन से तार चोरी करते करंट की चपेट में आए दो बदमाश, एक की मौत, दूसरा गंभीर


भरतपुर, 12 अप्रैल (हि.स.)। भरतपुर जिले के चिकसाना थाना क्षेत्र में हाईटेंशन बिजली लाइन से तार चोरी करने के दौरान करंट लगने से एक बदमाश की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से झुलस गया। घायल को पहले आरबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसकी हालत नाजुक होने पर जयपुर रेफर कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार 33 केवी बिजली लाइन पर तार काटने के प्रयास के दौरान यह हादसा हुआ। रविवार सुबह करीब 8 बजे स्थानीय लोगों ने बिजली लाइन पर एक व्यक्ति का शव लटका देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने बिजली आपूर्ति बंद कराकर करीब सात घंटे बाद शव को नीचे उतरवाया।

पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक और घायल दोनों बिजली तार चोरी के मामलों में पूर्व से संलिप्त थे। मृतक की पहचान सुनील (30) निवासी कृष्णा धाम कॉलोनी, मथुरा (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है, जिसके खिलाफ पहले से चार मामले दर्ज थे। घटनास्थल के पास खड़ी एक बोलेरो गाड़ी को पुलिस ने जब्त किया है। इनके साथ छह अन्य साथी भी थे, जिनकी तलाश की जा रही है।

चिकसाना थाने के एएसआई हुकुम सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बिजली विभाग के सहयोग से सप्लाई बंद कर शव को नीचे उतारा गया। मृतक की जेब से मिले दस्तावेजों के आधार पर उसकी पहचान कर परिजनों को सूचित किया गया। दोपहर करीब एक बजे पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। रिपोर्ट में करंट लगने से मौत की पुष्टि हुई है। करंट की चपेट में आने से मृतक का शरीर बुरी तरह झुलस गया था।

घायल गौरव ने पुलिस पूछताछ में बताया कि चार दिन पहले भी वह अपने साथियों के साथ इसी क्षेत्र में बिजली तार चोरी कर चुका था। शनिवार देर रात करीब 12 बजे वह सुनील और अन्य साथियों के साथ दोबारा चोरी के इरादे से आया था। तार काटते समय उनमें करंट होने के कारण दोनों इसकी चपेट में आ गए। सुनील तारों पर ही लटका रह गया, जबकि वह दूर जा गिरा। बाद में उसके साथी उसे अस्पताल में भर्ती कराकर फरार हो गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / भरतपुर