home page

उज्जैन के बीच शहर में दो मोबाइल दुकानों पर 60 लाख की हाईटेक चोरी

 | 
उज्जैन के बीच शहर में दो मोबाइल दुकानों पर 60 लाख की हाईटेक चोरी


उज्जैन, 11 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में फ्रीगंज स्थित अमरसिंह मार्ग पर शनिवार तड़के दो मोबाइल दुकानों में सनसनीखेज चोरी की वारदात हो गई। चार नकाबपोश बदमाशों ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों के सामने ही पूरी वारदात को अंजाम दिया। इस दौरान उन्होने 60 लाख रुपये कीमत के मोबाइल समेटे और भाग निकले।

घटना के बाद माधवनगर थाना पुलिस, साइबर सेल, क्राईम ब्रांच, एफएसएल की टीम मौके पर जांच के लिए पहुंची। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

माधवनगर थाना पुलिस ने बताया कि महाकाल सिंधी कॉलोनी निवासी नरेश सीतलानी के हाई च्वॉइस मोबाइल शोरूम एवं उसके पास स्थित एसएस मोबाइल शोरूम को निशाना बनाते हुए बदमाश 95 से अधिक प्रीमियम स्मार्टफोन लेकर फरार हो गए। दोनों दुकानों से चोरी गए मोबाइलों की कीमत करीब 60 लाख रुपये है। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है।

नरेश सीतलानी ने पुलिस को बताया कि शनिवार सुबह करीब 6 बजे उनके परिचित राम ने उन्हे सूचना दी कि दुकान का शटर टूटा हुआ नजर आ रहा है। सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे तो दुकान का नजारा देखकर दंग रह गए। शटर और ताले टूटे हुए थे, शो-केस का सामान बिखरा पड़ा था और उसमें रखे महंगे मोबाइल फोन गायब थे। इसके अलावा गल्ले में रखे करीब 45 हजार रु. नकद चोरी हुए। उन्होंने तुरंत माधव नगर थाना पुलिस को घटना की सूचना दी और दुकान का डीवीआर भी पुलिस को सौंप दिया। पुलिस मौके पर जांच कर ही रही थी कि करीब 50 मीटर दूर स्थित एसएस मोबाइल शोरूम में भी चोरी की जानकारी सामने आई। वहां भी बदमाशों ने पहले शटर उचकाया, फिर कांच का मुख्य दरवाजा तोड़कर दुकान के घुस गए और 50 महंगे मोबाइल चुराकर भाग निकले।

केवल महंगे मोबाइल चुराएपुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चोरी करने वाले आरोपी सामान्य चोर नहीं बल्कि मोबाइल और सुरक्षा व्यवस्था की अच्छी जानकारी रखने वाले लगते हैं। दुकान में घुसते ही उन्होंने सबसे पहले सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर तलाशने का प्रयास किया, लेकिन वह उनके हाथ नहीं लगा। इसके बाद उन्होंने शो-केस में रखे मोबाइलों को उठाने से पहले यह भी जांचा कि कहीं वे डेमो पीस तो नहीं हैं। खास बात यह रही कि उन्होंने आईफोन को नहीं छुआ, जिससे पुलिस को आशंका है कि आरोपियों को पता था कि ऐसे मोबाइल आसानी से ट्रैक हो सकते हैं।

सीसीटीवी फुटेज में दिख रहे चारों बदमाश सफेद शर्ट , सिर पर टोपी, चेहरे पर काला मास्क और हाथों में दस्ताने पहने हुए थे। उनके पास टॉर्च और कपड़े के थैले भी थे, जिनमें वे मोबाइल भरते नजर आए। दुकान के बाहर लगे कैमरे में एक सफेद रंग की कार भी दिखाई दी है। वारदात के बाद आरोपी उसी कार में बैठकर भाग निकले।

पुलिस के अनुसार शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात करीब 2.45 बजे सफेद कार से बदमाश इलाके में पहुंचे थे। पहले उन्होंने दोनों दुकानों के शटर और ताले तोड़े, फिर अंदर घुसकर शो-केस के कांच तोड़ दिए। इसके बाद केवल महंगे और प्रीमियम ब्रांड के मोबाइल फोन उठाए और कुछ ही मिनटों में वहां से फरार हो गए। जिस तरह आरोपियों ने सिर्फ कीमती हैंडसेट्स को निशाना बनाया, उससे पुलिस को संदेह है कि उन्होंने पहले से दुकानों की रेकी की थी।

सूचना मिलने पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी,फॉरेंसिक एक्सपर्ट और फिंगर प्रिंट टीम ने दोनों दुकानों से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। साथ ही साइबर सेल की मदद से सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच शुरू कर दी। आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें बनाई हैं। शहर के प्रमुख मार्गों, टोल प्लाजा और आसपास के जिलों में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है। फुटेज में दिखाई दे रही सफेद कार की पहचान कर उसके आने-जाने के पूरे रूट का पता लगाया जा रहा है।

इस संबंध में एएसपी गुरूप्रसाद पारसर ने बताया कि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों तलाश तेज कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल