बालोद के तीन तस्कर गिरफ्तार,11 लाख रुपये का हेरोइन जब्त
धमतरी, 14 अप्रैल (हि.स.)। हेरोइन के अंतरराज्यीय नेटवर्क से जुड़े छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के एक ही परिवार के तीन तस्करों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपितों के पास से 11 लाख रुपये के 56 ग्राम हेरोइन जब्त कर पुलिस ने आज तीनों को जेल भेज दिया है। हेरोइन तस्करी के मामले में धमतरी जिले की यह अब तक के सबसे बड़ी कार्रवाई है। आरोपितों के अनुसार हेरोइन का अवैध कारोबार पंजाब से जुड़ा है। तीनों आरोपित पिछले दो सालों से पंजाब से हेरोइन लाकर छत्तीसगढ़ में खपा रहा है।
हेरोइन के नशा का अवैध कारोबार धमतरी शहर समेत जिले में दिनोंदिन बढ़ता जा रहा है। पुलिस के हाथ अब तक सिर्फ छोटे तस्कर लग रहा था, लेकिन लंबे समय बाद अर्जुनी पुलिस अंतरराज्यीय नेटवर्क से जुड़े तस्करों को गिरफ्तार किया है, इससे अंतरराज्यीय नेटवर्क प्रभावित हुआ है। अर्जुनी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि श्यामतराई फारेस्ट नाका के पास कार में हेरोइन का अवैध कारोबार चल रहा है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर एक कार में हेरोइन की बिक्री करते हुए आरोपितों को रंगे हाथों पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान आरोपितों के पास से पुलिस ने 56 ग्राम हेरोइन जब्त किया है, इसकी अनुमानित कीमत 11 लाख रुपये आंकी गई है। वहीं आरोपितों के पास से कार, मोबाइल सहित कुल 16 लाख 24240 रुपये के सामाग्री बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपितों में निजामुद्दीन कुरैशी उम्र 28 वर्ष मुसलमानपारा बालोद, अनिता नेताम 37 वर्ष मुसलमानपारा बालोद और मोहम्मद इसलामुद्दीन कुरैशी उम्र 34 वर्ष मुसलमानपारा बालोद शामिल है। तीनों आरोपित बालोद के एक ही जगह के रहने वाला है। गिरफ्तार हेरोइन तस्करों का तार पंजाब से जुड़ा है। तीनों आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
मालूम हो कि हेरोइन तस्करी के मास्टरमाइंड गिरफ्तार इस्लामुद्दीन कुरैशी ने बताया कि मुख्य सरगना वह स्वयं है, जो लंबे समय से पुलिस की रडार पर था। रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बालोद और धमतरी सहित विभिन्न जिलों में सक्रिय इस आरोपित का नाम पूर्व के एनडीपीएस मामलों में भी सामने आ चुका है। यह आरोपित बार-बार मोबाइल नंबर बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा था, लेकिन धमतरी पुलिस की सतत निगरानी और मुखबिर तंत्र की सक्रियता से आखिरकार गिरफ्तार हो गया।
पुलिस को पूछताछ में मुख्य सरगना इस्लामुद्दीन ने बताया कि पंजाब से ट्रेन के माध्यम से जाकर वह पिछले डेढ़- दो वर्षों से हेरोइन लाकर छत्तीसगढ़ में सप्लाई करता था। इस हेरोइन को वह प्रदेश के कई जिलों में खपा रहा था। पुलिस ने बताया कि आरोपित को पकड़ने पूर्व से तैयारी थी, क्योंकि एक दिन पहले थाना सिटी कोतवाली में हुई हेरोइन कार्रवाई में पकड़े गए आरोपितों से पूछताछ के दौरान इस्लामुद्दीन के रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बालोद और धमतरी में सक्रिय होने के नेटवर्क का खुलासा हुआ था। इसके बाद धमतरी पुलिस ने रणनीति बनाकर अलग-अलग जिलों में अपने मुखबिर को सक्रिय कर सूचना तंत्र को मजबूत कर इस्लाम के गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे और सोमवार को कार्रवाई की गई।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

