home page

रायपुर : हेरोइन तस्करी मामले में एक और आरोपित गिरफ्तार, अब तक तीन पकड़े गए

 | 
रायपुर : हेरोइन तस्करी मामले में एक और आरोपित गिरफ्तार, अब तक तीन पकड़े गए


रायपुर, 11 अगस्त (हि. स.)। रायपुर पुलिस ने मंगलवार को हेरोइन तस्करी के मामले में कार्रवाई करते हुए एक और आरोपित को गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब तक कुल तीन आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच कर रही है।

मंगलवार को पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 10 जून 2026 को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और थाना टिकरापारा पुलिस की संयुक्त टीम ने भाठागांव स्थित नए बस स्टैंड के पास दो आरोपितों हरप्रीत सिंह मट्टू और ऋषि साहू को गिरफ्तार किया था। उनके कब्जे से 8.75 ग्राम हेरोइन, जिसकी कीमत करीब 1.70 लाख रुपये, और बिक्री की 2,050 रुपये नकद राशि बरामद की गई थी।

पूछताछ में दोनों आरोपितों ने पुलिस को बताया कि, उन्हें हेरोइन की सप्लाई भिलाई निवासी विक्रम सिंह उर्फ शेखर अन्ना से मिली थी। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य जानकारी के आधार पर विक्रम सिंह की तलाश शुरू की।

लगातार पतासाजी के बाद पुलिस ने विक्रम सिंह उर्फ शेखर अन्ना (30 वर्ष ) को गिरफ्तार कर लिया। वह न्यू खुर्सीपार, पंजाबी मोहल्ला, जागीर चौक, भिलाई का रहने वाला है। पुलिस ने उसके कब्जे से मामले से संबंधित एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है।

पुलिस अब मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हेरोइन की सप्लाई के स्रोत और इस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। मामले में आगे भी कार्रवाई और संभावित ठिकानों पर दबिश जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर