home page

यमुनानगर:हेरोइन के साथ युवक गिरफ्तार,पुलिस रिमांड पर भेजा

 | 
यमुनानगर:हेरोइन के साथ युवक गिरफ्तार,पुलिस रिमांड पर भेजा


यमुनानगर, 06 अप्रैल (हि.स.)। यमुनानगर पुलिस के एंटी नारकोटिक सेल की टीम ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को प्रतिबंधित मादक पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 100 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है। सेल प्रभारी अनिल कुमार ने सोमवार को बताया कि एक सूचना के आधार पर उन्हें पता चला कि जगाधरी क्षेत्र में एक व्यक्ति अवैध नशीले पदार्थों की तस्करी में संलिप्त है।

सेल द्वारा पुलिस टीम का गठन कर संबंधित स्थान पर दबिश दी गई। कानूनी प्रक्रिया के तहत मौके पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट को भी बुलाया गया। मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में तलाशी के दौरान आरोपी के पास से हेरोइन बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत लाखों रुपये आंकी गई है। आरोपी की पहचान यमुनानगर निवासी रोबिन सिंह के रूप में हुई है, जिसे उसके घर के समीप से काबू किया गया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड अवधि के दौरान उससे पूछताछ कर तस्करी के नेटवर्क और सप्लाई चैन के संबंध में जानकारी जुटाई जाएगी। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पूर्व में भी आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है और उसके खिलाफ कई मामले न्यायालय में लंबित हैं। इसके अतिरिक्त, उसके परिवार का एक अन्य सदस्य भी नशा तस्करी के मामले में पहले गिरफ्तार किया जा चुका है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार