home page

यमुनानगर:हेरोइन के साथ दो नशा तस्कर गिरफ़्तार

 | 
यमुनानगर:हेरोइन के साथ दो नशा तस्कर गिरफ़्तार


यमुनानगर, 08 मार्च (हि.स.)। यमुनानगर पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 520 ग्राम हेरोइन के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को एक कार सहित काबू किया है। गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान जावेद और आसिफ निवासी पानीपत के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी जावेद के खिलाफ पहले से ही 22 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अधिकारियों ने रविवार को जानकारी देते हुए बताया कि एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही थी। इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि दो युवक कार में सवार होकर नशीला पदार्थ लेकर यमुनानगर क्षेत्र की ओर आ रहे हैं और इसे विभिन्न स्थानों पर बेचने की योजना बना रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बुढ़िया क्षेत्र के पास नाकाबंदी कर दी। कुछ देर बाद एक काले रंग की कार वहां पहुंची।

पुलिस ने वाहन को रुकने का संकेत दिया, लेकिन चालक ने वाहन मोड़कर निकलने की कोशिश की। टीम ने तत्परता दिखाते हुए कार को घेर लिया और उसमें सवार दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया। कानूनी औपचारिकताओं का पालन करते हुए राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में दोनों की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान जावेद के पास से 260 ग्राम तथा आसिफ के पास से भी 260 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इस प्रकार कुल 520 ग्राम हेरोइन बरामद की गई।

पुलिस ने बरामद नशीला पदार्थ और कार को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ थाना बुढ़िया में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार जावेद का आपराधिक रिकॉर्ड लंबा है और उसके खिलाफ पहले से 22 मामले दर्ज हैं, जिनमें आठ मामले एनडीपीएस एक्ट तथा 14 चोरी से संबंधित हैं। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी हेरोइन कहां से लाते थे और इसे किन क्षेत्रों में सप्लाई किया जाता था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार