home page

कबाड़खाने में चल रहा था हेरोइन का कारोबार, 362.8 ग्राम हेरोइन के साथ सात गिरफ्तार

 | 
कबाड़खाने में चल रहा था हेरोइन का कारोबार, 362.8 ग्राम हेरोइन के साथ सात गिरफ्तार


किशनगंज, 10 जून (हि.स.)। किशनगंज पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 362.8 ग्राम हेरोइन के साथ सात लोगों को गिरफ्तार किया है।

यह कार्रवाई कुर्लीकोट थाना क्षेत्र के धर्मकाटा चौक स्थित एक कबाड़खाने में छापेमारी के दौरान की गई। पुलिस ने मौके से कई अन्य सामान भी बरामद किए हैं। जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर गुप्त सूचना मिली थी कि धर्मकाटा चौक स्थित हजरत अली के कबाड़खाने में अवैध मादक पदार्थों का भंडारण तथा खरीद-बिक्री की जा रही है।

सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस एवं एसएसबी की संयुक्त टीम ने कबाड़खाने में छापेमारी की। तलाशी अभियान के दौरान टीम ने कुल 362.8 ग्राम हेरोइन बरामद की। इसके अलावा 10 मोबाइल फोन, एक लाल रंग की हुंडई आई-10 कार (बीआर11यू8677) तथा एक पल्सर मोटरसाइकिल (बीआर37एडी3915) भी जब्त की गई।

पुलिस ने मौके से कबाड़खाना संचालक हजरत अली, उनकी पत्नी तुमिना बीबी खातून, नाजीमुल हुसैन, मो. साकिर, वसीम अख्तर उर्फ राहुल शेख, बब्लू शेख तथा नेपाल निवासी नुरज आलम को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपियों में अधिकांश लोग पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के रहने वाले बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कबाड़खाने में हेरोइन के भंडारण और उसकी खरीद-बिक्री में संलिप्तता स्वीकार की है। जांच एजेंसियां अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान करने के साथ-साथ बरामद हेरोइन के स्रोत और इसके वितरण नेटवर्क की भी पड़ताल कर रही हैं।

पुलिस बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज के आधार पर पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है। इस मामले में कुर्लीकोट थाना में 9 जून 2026 को कांड संख्या 42/26 दर्ज किया गया है। आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट 1985 की धारा 8(सी), 21(सी), 25 एवं 29 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

बुधवार को पुलिस ने बताया कि मादक पदार्थ तस्करी में शामिल अपराधियों की अवैध संपत्तियों की भी जांच की जाएगी और नियमानुसार जब्ती की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह