सुपौल में 204 ग्राम स्मैक के साथ पुलिस ने दो तस्करों को दबोचा
सुपौल, 17 जुलाई (हि.स.)। जिले के किशनपुर थाना क्षेत्र में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना अध्यक्ष ज्ञान रंजन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए 204 ग्राम स्मैक के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई बाबू साहब पेट्रोल पंप से करीब 200 मीटर उत्तर की ओर की गई।
पुलिस को सूचना मिली थी कि दो युवक स्मैक की खेप लेकर गुजरने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर संदिग्धों को रोका और तलाशी ली। जांच के दौरान एक आरोपी के हेलमेट के भीतर विशेष तरीके से छिपाकर रखा गया 204 ग्राम स्मैक बरामद हुआ। इसके बाद दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर थाना लाया गया।
गिरफ्तार आरोपिताें में सिंगियावन गांव, वार्ड संख्या-2 निवासी 23 वर्षीय अंकित कुमार उर्फ रामविलास और 24 वर्षीय किशोर कुमार है।
पुलिस ने बरामद स्मैक को जब्त कर लिया है। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये आंकी गई है।
किशनपुर थाना अध्यक्ष ज्ञान रंजन कुमार ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि स्मैक की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस तक पहुंचाया जाना था।पुलिस का कहना है कि पूछताछ और तकनीकी जांच के आधार पर मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है। जिले में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

