home page

जशपुर में लाखों की ठगी, छह आरोपित गिरफ्तार

 | 
जशपुर में लाखों की ठगी, छह आरोपित गिरफ्तार


जशपुर, 14 अप्रैल (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के बगीचा और सन्ना क्षेत्र में “hedgexfund” नामक नेटवर्क कंपनी के जरिए रुपये दुगुने करने का झांसा देकर ग्रामीणों से ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। मामले में पुलिस ने 6 आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि ठगी की रकम लाखों में होने की आशंका जताई जा रही है और पीड़ितों की संख्या बढ़ सकती है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम कापू टोली निवासी प्रार्थिया उर्मिला बाई (26 वर्ष) ने 10 अप्रैल 2026 को थाना बगीचा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वर्ष 2023 में उसकी पहचान ग्राम रूपसेरा भलमंडा निवासी कालेश्वर राम और मीनी बाई (पति-पत्नी) से हुई थी। कुछ समय बाद ये दोनों अन्य आरोपितों शिवशंकर राम और नीरा सिंह के साथ मिलकर उसकी मां के घर पहुंचे और खुद को “hedgexfund” नेटवर्क कंपनी से जुड़ा बताते हुए निवेश पर तीन माह में रुपए दोगुने करने का लालच दिया।

आरोपितों ने भरोसा दिलाया कि यदि रुपए दोगुने नहीं हुए तो ब्याज सहित पूरी राशि लौटा दी जाएगी। झांसे में आकर प्रार्थिया और उसकी मां सहित गांव के अन्य लोगों ने भी निवेश कर दिया। प्रार्थिया ने कुल 1 लाख 70 हजार रुपए नकद और फोनपे के माध्यम से दिए, जबकि उसकी मां ने भी 40 हजार रुपए निवेश किए।

रकम लेने के बाद आरोपितों ने पीड़ितों को एक डिजिटल वॉलेट की आईडी और पासवर्ड दिया, जिसमें राशि डॉलर में दिखाई जाती थी। कुछ समय बाद यह वॉलेट बंद हो गया और आरोपितों ने पैसे लौटाने में टालमटोल शुरू कर दी, तब पीड़ितों को ठगी का अहसास हुआ।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना बगीचा में आरोपितों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 420 और 34 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी शिवशंकर राम (29), मीनी बाई (52), कालेश्वर राम (48), अनिल लकड़ा (50), शिवनाथ राम (27) और नीरा सिंह (36) को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर मीनी बाई, कालेश्वर राम, अनिल लकड़ा, शिवनाथ राम और नीरा सिंह को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि मुख्य आरोपित शिवशंकर राम को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक टोयोटा टायजर कार (क्रमांक JH-01FU-9460) भी जब्त की है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपितों ने बगीचा और सन्ना क्षेत्र के कई ग्रामीणों को इसी तरह झांसे में लेकर निवेश करवाया है। जांच जारी है और ठगी की रकम तथा पीड़ितों की संख्या में वृद्धि होने की संभावना है। मामले में शामिल अन्य लोगों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई में एसडीओपी बगीचा दिलीप कुमार कोसले, एएसआई अनिल कुमार कामरे, नरेश मिंज और महिला आरक्षक लीलावती यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने स्पष्ट किया है कि, ठगी के इस नेटवर्क से जुड़े किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह