अपडेट : जांजगीर-चांपा में दिल दहला देने वाली वारदात, 71 वर्षीय पिता ने टंगिया से वारकर बेटे की कर दी हत्या
जांजगीर-चांपा, 10 नवंबर (हि. स.)। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक 71 वर्षीय पिता ने अपने ही बेटे की टंगिया से वारकर हत्या कर दी।
बताया जा रहा है कि मृतक शराब पीने का आदी था और आए दिन नशे की हालत में घर में गाली-गलौच करते हुए विवाद करता था। बेटे की इन हरकतों से नाराज पिता ने गुस्से में आकर उस पर टंगिया से प्राणघातक हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। मामले में मुलमुला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 9 नवंबर 2026 की रात थाना मुलमुला क्षेत्र के ग्राम डिघोरा की है। गांव में एक व्यक्ति की हत्या होने की सूचना मिलने पर मुलमुला पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक की पहचान रावेन्द्र सिंह मंडावी, पिता दिलहरण मंडावी, निवासी ग्राम डिघोरा के रूप में हुई।
सूचक की रिपोर्ट पर पुलिस ने थाना मुलमुला में अपराध क्रमांक 482/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. युलैण्डन यार्क के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने जांच तेज की। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, परिस्थितिजन्य तथ्यों और गवाहों के बयान के आधार पर पुलिस ने मृतक के पिता दिलहरण मंडावी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपित ने अपने पुत्र की हत्या करना स्वीकार कर लिया।
आरोपित ने पुलिस को बताया कि उसका पुत्र आए दिन शराब पीकर घर में गाली-गलौच और विवाद करता था। इसी बात को लेकर वह काफी नाराज था। घटना की रात भी गुस्से में आकर उसने टंगिया से बेटे पर वार कर उसकी हत्या कर दी।
हत्या में इस्तेमाल टंगिया बरामद
पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल टंगिया बरामद कर जब्त कर लिया है। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी दिलहरण मंडावी (71 वर्ष), पिता स्व. छेदू मंडावी, निवासी ग्राम डिघोरा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस मामले का त्वरित खुलासा करने और आरोपित की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी निरीक्षक शिवानंद सिंह, PSI रितेष परमा, सहायक उपनिरीक्षक नजीर हुसैन, प्रधान आरक्षक अमृत सूर्या, रुद्रनारायण कश्यप, आरक्षक ओमप्रकाश डहरिया, देव मरकाम एवं महिला आरक्षक श्वेता सिंह की सराहनीय भूमिका रही।
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

