जबलपुर : भ्रूण लिंग परीक्षण गिरोह का भंडाफोड़, दो डायग्नोस्टिक सेंटर सील
जबलपुर, 27 जुलाई (हि.स.)। पुलिस और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने सोमवार को शहर में अवैध रूप से संचालित भ्रूण लिंग परीक्षण गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए आर.के. अग्रवाल सेंटर और आधारताल स्थित उससे जुड़े एक्सीलेंस डायग्नोस्टिक सेंटर पर छापेमारी की। कार्रवाई के बाद दोनों सेंटरों को सील कर दिया गया है।
एएसपी अनु बेनीवाल ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। सेंटर संचालक डॉ. आर.के. अग्रवाल सहित मामले में शामिल अन्य कर्मचारियों की गिरफ्तारी की प्रक्रिया जारी है। तकनीकी और भौतिक जांच के दौरान कुछ अन्य डायग्नोस्टिक सेंटरों के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस के अनुसार, इन सेंटरों की भी जांच की जा रही है और अनियमितता पाए जाने पर उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एएसपी अनु बेनीवाल के मुताबिक, महिला एवं बाल सुरक्षा के उद्देश्य से जबलपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘गरिमा अभियान’ के तहत इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया। गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से डिकॉय ऑपरेशन तैयार किया। कई दिनों तक संदिग्ध ठिकानों की निगरानी के बाद टीम ने ग्राहक बनाकर डिकॉय को सेंटरों पर भेजा। संदिग्ध गतिविधियों की पुष्टि होते ही टीम ने तत्काल छापेमारी कर कार्रवाई की।
जांच में सामने आया है कि गिरोह के सदस्य भ्रूण का लिंग बताने के नाम पर ग्राहकों से हजारों रुपये वसूलते थे। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि भ्रूण का लिंग बताए जाने के बाद गर्भपात और भ्रूण हत्या से जुड़े मामलों में भी गिरोह की भूमिका हो सकती है। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम इस पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

