अनूपपुर: जीप-बाइक की आमने-सामने टक्कर, युवक की मौत, चालक फरार
अनूपपुर, 22 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के राजेंद्रग्राम थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर लांघाटोला गांव के पास तेज रफ्तार जीप और दो पहिया वाहन की आमने-सामने टक्कर में 28 वर्षीय युवक की मौके पर ही मृत्यु हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गये। वहीं चार पहिया वाहन चालक घायल अवस्था में फरार हाे गया।
थाना प्रभारी राजेंद्रग्राम पीसी कोल ने बताया कि बुधवार दोपहर लांघाटोला गांव के पास तेज रफ्तार वाहन जीप क्रमांक एमपी 19 जेडएल 8861 जो अनूपपुर से राजेंद्रग्राम की ओर जा रही थी, तभी सामने से जागेश्वर गोंड पुत्र सहर्ष सिंह अपने ग्राम पठैती (राजेंद्रग्राम) से दो पहिया वाहन से मजदूरी करने कोतमा जा रहा था। अचानक दोनो में जोरदार टक्कर हो गई। जिससे बाइक सवार युवक के सिर में गंभीर चोट आई और मौके पर ही उसकी मृत्यु हो गई।
हादसा इतना भीषण था कि जीप का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और सामने का शीशा टूट गया। वहीं बाइक भी पूरी तरह टूट गई। टक्कर के बाद चार पहिया वाहन चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और जीप को जब्त कर लिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

