नाहन में पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे युवक पर जानलेवा हमला
नाहन, 28 अक्टूबर (हि.स.)। जिला मुख्यालय नाहन के विला राउंड क्षेत्र में पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे एक युवक पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। ग्राउंड प्रैक्टिस के लिए निकले युवक का रास्ता रोककर तीन युवकों ने उसके सिर पर कड़े से वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित की शिकायत पर नाहन पुलिस थाना में मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को दी शिकायत में दीपक ठाकुर (निवासी गांव कठाणा, डाकघर सुरला, तहसील नाहन, जिला सिरमौर) ने बताया कि बीते मंगलवार शाम वह आगामी पुलिस भर्ती की ग्राउंड प्रैक्टिस के लिए बिल्ला राउंड गया हुआ था। शाम करीब 07:30 बजे जब वह विला राउंड गेट के पास पहुंचा और अपनी स्कूटी को गेट के साथ बनी पार्किंग में खड़ा कर रहा था, तभी एक स्कूटी पर सवार होकर तीन युवक वहां पहुंचे।
पीड़ित के अनुसार तीनों युवकों ने जबरन उसका रास्ता रोक लिया। शिकायतकर्ता ने तीनों आरोपियों की पहचान अंकित, आर्यन और शुभम के रूप में की है। रास्ता रोकने के बाद आरोपियों ने तैश में आकर दीपक के सिर पर हाथ में पहने लोहे के कड़े से जोरदार हमला कर दिया। इस हमले के कारण दीपक के सिर में गहरी और गंभीर चोटें आई हैं।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस थाना नाहन की टीम ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और मामले में आगामी जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

