home page

पंद्रह हजार रुपये की रिश्वत लेता हैड कांस्टेबल गिरफ्तार

 | 
पंद्रह हजार रुपये की रिश्वत लेता हैड कांस्टेबल गिरफ्तार


जयपुर, 03 सितंबर (हि.स.)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की बारां इकाई ने गुरुवार को कार्रवाई करते हुए कवाई थाने में पदस्थ हैड कांस्टेबल रामनिवास को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपित ने परिवादी के खिलाफ एक्ट की कार्रवाई नहीं करने और झूठे मुकदमे में नहीं फंसाने की एवज में दलाल के माध्यम से रिश्वत राशि ली थी।

एसीबी बारां के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कालूराम वर्मा के अनुसार परिवादी गिर्राज नागर ने शिकायत दी थी कि कवाई थाने में पदस्थ हैड कांस्टेबल रामनिवास उसके खिलाफ एक्ट की कार्रवाई और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर 70 हजार रुपये रिश्वत मांग रहा है। शिकायत के सत्यापन में आरोपी द्वारा 15 हजार रुपये रिश्वत मांगना पाया गया।

इसके बाद एसीबी की टीम ने ट्रैप की कार्रवाई करते हुए आरोपित ने रिश्वत की राशि परिवादी के गांव निवासी दलाल हंसराज राठी के माध्यम से दिलवाई। एसीबी टीम ने 15 हजार रुपये बरामद कर हंसराज राठी को भी कार्रवाई के दायरे में लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश