परिवाद रफा दफा करने के लिए रिश्वत लेते दलाल व हेड कांस्टेबल गिरफ्तार
जयपुर, 01 सितंबर (हि.स.)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने कार्रवाई करते हुए जयपुर ग्रामीण जिले के अमरसर थाना क्षेत्र में पुलिस परिवाद को रफा दफा कर परिवादी के पक्ष में रिपोर्ट बनाने की एवज में चालीस हजार रुपए रिश्वत लेते हेड कांस्टेबल रतन लाल आर्य और अंग्रेजी व देशी शराब ठेके का सेल्समैन (दलाल) राकेश कुमार मीणा को गिरफ्तार किया।
एसीबी महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि परिवादी ने शिकायत दी थी कि उसके खिलाफ अमरसर थाने में दर्ज परिवाद को रफा दफा करने और उसके पक्ष में रिपोर्ट बनाने के लिए हेड कांस्टेबल रतन लाल आर्य 50 हजार रुपए रिश्वत मांग रहा है। सत्यापन में मांग की पुष्टि हुई और 40 हजार रुपए में सौदा तय हुआ।
ट्रैप कार्रवाई के दौरान राकेश कुमार मीणा ने हेड कांस्टेबल के लिए परिवादी से 40 हजार रुपए रिश्वत ली, जिस पर एसीबी ने गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद हेड कांस्टेबल रतन लाल आर्य को डिटेन कर पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

