home page

जांजगीर-चांपा: पत्नी पर खौलता गर्म तेल डालकर गंभीर रूप से झुलसाया, आरोपित पति गिरफ्तार; न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

 | 
जांजगीर-चांपा: पत्नी पर खौलता गर्म तेल डालकर गंभीर रूप से झुलसाया, आरोपित पति गिरफ्तार; न्यायिक रिमांड पर भेजा गया


जांजगीर-चांपा, 28 नवंबर (हि.स.)। जिले के बलौदा थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के दौरान पत्नी पर खौलता गर्म तेल डालकर उसे गंभीर रूप से झुलसाने के मामले में पुलिस ने आरोपित पति को गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान बिरजू दिवाकर (46 वर्ष), निवासी नवगवां, थाना बलौदा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ धारा 118(2), 85 बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 4 अगस्त 2026 की रात करीब 8:30 बजे की है। पीड़िता अपने घर में पूरी तल रही थी। इसी दौरान उसका पति बिरजू दिवाकर पीछे से आया और चूल्हे पर रखी खौलते गर्म तेल की कढ़ाई उठाकर उसके ऊपर डाल दी। गर्म तेल से महिला का चेहरा और शरीर गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद आसपास के लोगों ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद महिला को बेहतर इलाज के लिए सिम्स अस्पताल बिलासपुर में भर्ती कराया गया।

उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी मिलने पर पीड़िता ने बलौदा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 589/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

महिला के विरुद्ध घटित गंभीर अपराध को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैण्डन यार्क और एसडीओपी अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में बलौदा पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में अपराध स्वीकार करने के बाद आज शनिवार को आरोपित को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में निरीक्षक मनोहर सिन्हा, प्रशिक्षु उप निरीक्षक शामेश देव और आरक्षक लखेश विश्वकर्मा का सराहनीय योगदान रहा।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT