जींद : पत्नी की हत्या के मामले में फरार चल रहा आरोपित पति गिरफ्तार
जींद, 24 मार्च (हि.स.)। सदर थाना सफीदों पुलिस ने गांव बागडू कलां में अपनी पत्नी की हत्या करने के बाद फरार चल रहे आरोपित पति सुरेश को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित को पुलिस ने अदालत में पेश किया जहां से उसे अदालत ने रिमांड पर भेजने के निर्देश दिए। पुलिस आरोपित से रिमांड के दौरान हत्या में प्रयोग किए तेजधार हथियार को बरामद करेगी।
सरफाबाद चौकी प्रभारी दिलबाग सिंह ने मंगलवार को बताया कि सफीदों सदर थाना पुलिस में सोनीपत जिले के गांव तैवड़ी निवासी मुकेश ने बताया कि उसकी मौसी सुनीता की 15 साल पहले बागडू निवासी सुरेश कुमार के साथ शादी हुई थी। उसकी मौसी को कोई बच्चा नही था। दो मार्च को सुरेश कुमार दूसरी शादी करके एक अन्य महिला को घर ले आया। इसी बात को लेकर दोनों कई दिन से विवाद चल रहा था। मुकेश ने आरोप लगाए कि इस झगड़े में सुरेश कुमार ने उसकी मौसी सुनीता पर तेजधार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी। दूसरी महिला जब उसे छुड़वाने आई तो उस पर भी आरोपित ने हमला किया। इसमें वह महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। मुकेश ने कहा कि जब वह मौके पर पहुंचा तो उसकी मौसी का शव खून से लथपथ जमीन पर पड़ा था। दूसरी महिला गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली। घायल महिला को नागरिक अस्पताल सफीदों पहुंचाया गया। जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने सुरेश कुमार के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। सरफाबाद चौकी प्रभारी दिलबाग सिंह ने बताया कि पुलिस ने आरोपित सुरेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। उसे अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया गया है। आरोपित से पुलिस हत्या में प्रयोग किए गए तेजधार हथियार को बरामद करेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

