home page

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर 2.24 करोड़ की हवाला राशि पकड़ी

 | 
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर 2.24 करोड़ की हवाला राशि पकड़ी


कोटा, 27 मई (हि.स.)। जिले की चेचट थाना पुलिस ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के पास बड़ी कार्रवाई करते हुए हवाला कारोबार से जुड़ी 2 करोड़ 24 लाख रुपए की नकदी बरामद की है। यह रकम एक लग्जरी एसयूवी कार में बेहद शातिर तरीके से बनाए गए गुप्त बॉक्स में छिपाकर ले जाई जा रही थी। पुलिस ने कार सवार दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। यह कार्रवाई देर रात मोड़क तिराहे के पास विशेष चेकिंग अभियान के दौरान हुई। पुलिस की सतर्कता और नाकाबंदी के चलते हवाला नेटवर्क का यह बड़ा खेल उजागर हो गया।

कोटा ग्रामीण एसपी सुजीत शंकर ने बताया कि चेचट थाना पुलिस दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के पास संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान गुजरात नंबर की एक एसयूवी तेज रफ्तार में वहां पहुंची। पुलिस को देखकर चालक ने नाकाबंदी तोड़कर भागने की कोशिश की और गाड़ी की स्पीड बढ़ा दी।

हालांकि पुलिस टीम पहले से अलर्ट थी। बैरिकेडिंग और सतर्कता के चलते कार को कुछ दूरी पर ही रोक लिया गया। पुलिस को वाहन की गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद गहन तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान पुलिस को कार की सीट के नीचे विशेष रूप से तैयार किया गया एक गुप्त बॉक्स मिला। जब बॉक्स खोला गया तो अंदर नोटों की गड्डियां भरी हुई थीं। पुलिस टीम भी एक बार के लिए हैरान रह गई।

गिनती करने पर कुल 2 करोड़ 24 लाख रुपए बरामद हुए। इनमें 500, 200 और 100 रुपए के नोट शामिल थे। नकदी को तुरंत जब्त कर लिया गया।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि कार में सवार दोनों युवक गुजरात के रहने वाले हैं। उनकी पहचान मुकेश और भाविक के रूप में हुई है। दोनों ने पूछताछ में बताया कि वे गुजरात की “बाबूलाल एंड कंपनी” नामक फर्म के लिए काम करते हैं, जो हवाला कारोबार से जुड़ी हुई है।

आरोपियों ने बताया कि वे लखनऊ, वाराणसी और प्रयागराज से यह रकम लेकर गुजरात जा रहे थे। उन्हें यह नकदी कंपनी के कार्यालय तक पहुंचानी थी। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी पिछले करीब दो वर्षों से इसी तरह हवाला नेटवर्क के लिए काम कर रहे थे। उन्हें हर महीने 25 से 30 हजार रुपए वेतन दिया जाता था। इसके अलावा प्रति किलोमीटर के हिसाब से अलग से इंसेंटिव भी मिलता था।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हवाला नेटवर्क काफी संगठित तरीके से काम कर रहा था और नकदी को गुप्त बॉक्स में छिपाकर राज्यों के बीच पहुंचाया जाता था।

एसपी सुजीत शंकर ने बताया कि पूरी राशि को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत जब्त किया गया है। मामले की सूचना आयकर विभाग को भी दे दी गई है ताकि आर्थिक अपराध और टैक्स चोरी के पहलुओं की जांच की जा सके।

इस कार्रवाई के बाद पुलिस अब हवाला कारोबार से जुड़े बड़े नेटवर्क की जांच में जुट गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस रकम का इस्तेमाल कहां होना था और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। कार्रवाई के दौरान प्रोबेशनर आरपीएस अंकित कुड़ी और चेचट थाना अधिकारी उत्तम सिंह भी मौके पर मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ में हवाला कारोबार से जुड़े कई बड़े खुलासे हो सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित