home page

एम्स मेट्रो स्टेशन के पास मामूली कहासुनी बनी जानलेवा, बस स्टैंड पर झगड़े में हॉकर की मौत

 | 

नई दिल्ली, 26 जुलाई (हि.स.)। दक्षिणी दिल्ली के हौज खास थाना क्षेत्र में एम्स मेट्रो स्टेशन गेट नंबर-3 के पास मामूली कहासुनी ने एक व्यक्ति की जान ले ली। बस स्टैंड पर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया, जिसमें गंभीर रूप से घायल हुए एक हॉकर की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दक्षिण जिले के पुलिस उपायुक्त अनंत मित्तल ने रविवार को बताया कि 23 और 24 जुलाई की दरम्यानी रात हौज खास थाना पुलिस को एम्स मेट्रो स्टेशन गेट नंबर-3, अरबिंदो मार्ग के पास झगड़े की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो वहां मौजूद लोगों ने एक व्यक्ति को पकड़ रखा था। उसकी पहचान 40 वर्षीय लोकेश के रूप में हुई। वह तैमूर नगर न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी का रहने वाला।

घटना में घायल व्यक्ति को पीसीआर की मदद से तत्काल सफदरजंग अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान 45 वर्षीय मनोज सिंह पुत्र प्रदीप सिंह, निवासी गांव माई, थाना वारिसलीगंज, जिला नवादा (बिहार) के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार मनोज सिंह सफदरजंग इलाके में हॉकर का काम करता था और लंबे समय से वहीं रोजी-रोटी कमा रहा था।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच बस स्टैंड पर किसी बात को लेकर पहले मामूली कहासुनी हुई थी। कुछ ही देर में विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। इसी मारपीट के दौरान मनोज सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप कर आरोपी लोकेश को मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस के पहुंचने तक अपने कब्जे में रखा।

पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(2) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं, ताकि घटना के पूरे घटनाक्रम और झगड़े की असल वजह का पता लगाया जा सके।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शुरुआती जांच में घटना की वजह मामूली विवाद बताई गई है, लेकिन पुलिस यह भी पता लगा रही है कि झगड़े के दौरान और कौन-कौन लोग मौजूद थे तथा किसी अन्य की भूमिका तो नहीं थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी