हाथरस : पुलिस ने चोरी का किया खुलासा, तीन आरोपित गिरफ्तार
- आरोपितों के कब्जे से 2.07 लाख रुपये नकद और 962 ग्राम आभूषण बरामद
हाथरस, 18 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में पुलिस ने परचून की दुकान के गल्ले से नकदी और सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने की घटना का खुलासा करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 2.07 लाख रुपये नकद और 962 ग्राम वजन के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। बरामद सामान की वादी से पहचान भी कराई गई है।
पुलिस के अनुसार, हाथरस गेट थाना क्षेत्र के जलेसर रोड स्थित गंदे नाले के पास रहने वाले सोनू पुत्र स्वर्गीय महाराज सिंह ने 17 नवंबर को शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके घर में संचालित परचून की दुकान के गल्ले में रखी नकदी और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए गए हैं। शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि घटना के शीघ्र खुलासे और आरोपितों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में हाथरस गेट थाना पुलिस, एंटी थेफ्ट टीम तथा सर्विलांस टीम को लगाया गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।
इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी का माल लेकर तीन व्यक्ति आरटीओ कार्यालय के पास गंदे नाले की पटरी से हाथरस की ओर आ रहे हैं। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उन्होंने चोरी की घटना में शामिल होना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 2,07,100 रुपये नकद के अलावा सोने चांदी के जेवरात बरामद किए गए हैं। बरामद आभूषणों का कुल वजन 962 ग्राम बताया गया है। पुलिस ने वादी सोनू को बुलाकर बरामद सामान की पहचान कराई, जिसे उन्होंने अपना बताया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रामू और विजय निवासी गंदे नाले के पास जलेसर रोड, थाना हाथरस गेट तथा प्रिंस निवासी मई नाथ, थाना मडराक, जिला अलीगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस उनके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाने के साथ आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
इस कार्रवाई में एंटी थेफ्ट टीम के प्रभारी सुरेंद्र कुमार और उनकी टीम तथा हाथरस गेट थाने के उपनिरीक्षक विजय कुमार पुलिस टीम के साथ शामिल रहे।----------
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

