शादी में गया परिवार, पीछे से मकान घुसे चोर लाखों के जेवरात और नकदी लेकर फरार
हाथरस, 22 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में सासनी थाना क्षेत्र में चोरों ने एक मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवरात और सात हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली। घटना के समय परिवार के अधिकांश सदस्य दिल्ली में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। रविवार सुबह घर में मौजूद महिला की नींद खुली तो कमरों में सामान बिखरा देख चोरी की जानकारी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मोहल्ला दाऊजी निवासी प्रेम लवानिया के परिवार के अधिकांश सदस्य दिल्ली में शादी समारोह में शामिल होने गए थे। घर में रजनी देवी मौजूद थीं। मकान के ऊपरी हिस्से में रहने वाला किरायेदार भी अपने कमरे में सो रहा था। बताया गया कि रजनी देवी रात करीब दो बजे अपने कमरे में सोने चली गई थीं।
रविवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे उनकी नींद खुली तो पास वाले कमरे का सामान अस्त-व्यस्त मिला। कमरे में सामान बिखरा देखकर उन्होंने घर की जांच की तो जेवरात और नकदी गायब मिली। परिजनों के मुताबिक चोर लाखों रुपये कीमत के आभूषण और करीब सात हजार रुपये की नकदी समेट ले गए।
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के अन्य सदस्यों और थाना पुलिस को सूचना दी गई। थाना प्रभारी ललित कुमार शर्मा ने पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जांच की। उन्होंने बताया कि चोरी की छानबीन और आसपास के लोगों से पूछताछ कर चोरों का पता लगाने का प्रयास शुरू किया जा रहा है।-------------
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

