झाबुआ: देशी कट्टा लहराते हुए ठुमके लगाना पड़ा भारी; हथियार सहित हुई गिरफ्तारी
झाबुआ, 28 जुलाई (हि.स.)। सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों का प्रदर्शन करते हुए और ठुमके लगाते हुए वीडियो जारी करना एक बदमाश को उस वक्त भारी पड़ गया, जब उसके विरुद्ध झाबुआ पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को अवैध देशी कट्टा एवं दो जिंदा कारतूस सहित गिरफ्तार कर लिया गया।
उक्त कार्यवाही के संबंध में जानकारी देते हुए थाना प्रभारी कोतवाली, रमेश चंद्र भास्करे ने मंगलवार को बताया कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें एक अज्ञात व्यक्ति हाथ में देशी कट्टा लहराते हुए दिखाई दे रहा था। वीडियो के संज्ञान में आते ही पुलिस अधीक्षक झाबुआ देवेंद्र पाटीदार द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल आरोपी की पहचान कर गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए।
निर्देशों के पालन में थाना कोतवाली पुलिस द्वारा तकनीकी एवं मुखबिर तंत्र की सहायता से वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे व्यक्ति की पहचान परबल उर्फ प्रबल उर्फ अश्विन (उम्र 24 वर्ष) पुत्र जुवान सिंह मैड़ा निवासी ग्राम बागनेरा, थाना कालीदेवी, हाल निवासी आमली फलिया एवं किशनपुरी, थाना कोतवाली, जिला झाबुआ के रूप में की गई। आरोपी के संबंध में मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए राणापुर रोड से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस द्वारा आरोपी के कब्जे से एक अवैध देशी कट्टा एवं दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए। पुलिस जानकारी अनुसार आरोपी के विरुद्ध थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 713/2026 अंतर्गत धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. उमेश चंद्र शर्मा

