सूरजपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गांजा तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश, 7 आरोपित गिरफ्तार
-नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी, इंड-टू-इंड विवेचना से खुली कड़ियां।
सूरजपुर, 26 मार्च (हि.स.)। नशे के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए सूरजपुर पुलिस ने गांजा तस्करी एवं अवैध खरीदी-बिक्री के बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। डीआईजी व एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देशन में थाना प्रेमनगर पुलिस ने इंड-टू-इंड विवेचना के तहत अब तक 7 आरोपितों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 22 जून 2025 को थाना प्रेमनगर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम सरसताल निवासी शशिभूषण दुबे को गांजा के साथ पकड़ा था। उसके कब्जे से करीब 4 किलो 350 ग्राम गांजा, जिसकी कीमत लगभग 1 लाख 30 हजार रुपये बताई गई, जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
पूछताछ में आरोपित ने बताया कि, वह यह गांजा कृष्णा लाल तुरिया से खरीदकर लाया था। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मिनकेतन यादव को गिरफ्तार किया, जबकि कृष्णा तुरिया मौके से फरार हो गया था। आगे की विवेचना में टिकेश यादव उर्फ टिकेश्वर यादव और बाद में कृष्णा तुरिया को भी गिरफ्तार किया गया।
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपित उड़ीसा से गांजा लाकर जिले में सप्लाई करते थे। पूर्व में जयनगर पुलिस द्वारा ओमप्रकाश बसोर और मोतीलाल बसोर को भी 80 किलो गांजा (लगभग 24 लाख रुपये मूल्य) के साथ गिरफ्तार किया जा चुका है।
अब तक की कार्रवाई में शशिभूषण दुबे, मिनकेतन यादव, टिकेश यादव उर्फ टिकेश्वर यादव, कृष्णा लाल तुरिया, ओमप्रकाश बसोर, विश्राम राजवाड़े और अघनु अगरिया को गिरफ्तार किया जा चुका है। साथ ही एक बोलेरो वाहन और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
विवेचना के दौरान 24 मार्च 2026 को विश्राम राजवाड़े और 25 मार्च 2026 को अघनु अगरिया को भी दबिश देकर हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। दोनों ने पूछताछ में गांजा की अवैध खरीदी-बिक्री में शामिल होने की बात स्वीकार की है। जिसके बाद आज गुरुवार को गिरफ्तार कर जेल दाखिल किया गया।
पूरे मामले में थाना प्रेमनगर पुलिस द्वारा गांजा तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपितों की पतासाजी की जा रही है, विशेष रूप से उड़ीसा कनेक्शन की जांच जारी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रेमनगर सहित पुलिस टीम के कई अधिकारी-कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

