जंगल में बेहोश मिली विवाहिता, पति समेत दो गिरफ्तार
नवादा, 01 अक्टूबर (हि.स.)।नवादा जिले की परनाडाबर थाना क्षेत्र के कर्माटांड़ गांव से 25 सितंबर को लापता हुई 20 वर्षीय विवाहिता पूनम कुमारी गया जिले के गुरपा थाना क्षेत्र के बसकटवा-धुमनवा जंगल में गुरुवार को बेहोशी की हालत में मिली। मामले में महिला के पिता गया जिले के बुनियादगंज थाना क्षेत्र के सोंधी गांव निवासी मधुसूदन प्रजापति के आवेदन पर गुरपा थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले में महिला के पति सोनू कुमार और उसके दोस्त को गिरफ्तार किया है।
गुरपा थानाध्यक्ष शिवनंदन कुमार ने बताया कि महिला के पिता के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार, जंगल में महिला की गर्दन पर जख्म के निशान मिले थे। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे इलाज के लिए फतेहपुर सीएचसी में भर्ती कराया। बाद में बेहतर इलाज के लिए गया भेजा गया।
होश में आने के बाद महिला ने पुलिस को दिए बयान में पति सोनू कुमार और उसके दोस्त पर गला दबाकर हत्या का प्रयास करने का आरोप लगाया। महिला के अनुसार, दोनों उसे मृत समझकर जंगल में छोड़कर चले गए। पुलिस महिला के बयान के साथ मेडिकल रिपोर्ट और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को जांच का आधार बना रही है।
गुरुवार को परनाडाबर थानाध्यक्ष हरिकांत कुमार ने बताया कि पूनम के लापता होने को लेकर परनाडाबर थाना में मामला दर्ज किया गया था। इस मामले की अनुसंधानकर्ता एसआई ब्यूटी कुमारी थीं। प्राथमिकी में पति सोनू कुमार ने बताया था कि पूनम 25 सितंबर की सुबह करीब चार बजे शौच के लिए घर से निकली थी। इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। परिजन ने आसपास तलाश की, लेकिन उसका सुराग नहीं मिला था।
जांच के दौरान पूनम के गुरपा थाना क्षेत्र के जंगल में मिलने की जानकारी सामने आई। गुरपा पुलिस के अनुसार घटनास्थल ससुराल से करीब 19 किलोमीटर दूर है। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास से महिला के कपड़े भी बरामद किए हैं। अब गुरपा पुलिस हत्या के प्रयास के मामले में गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है।
बताया गया कि पूनम और सोनू की शादी मार्च 2024 में हुई थी। दोनों का करीब एक वर्ष का बेटा है। पूरे मामले में पुलिस महिला के बयान, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन

