एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाला आरोपित गिरफ्तार, 41 कार्ड बरामद
जौनपुर, 11 अक्टूबर (हि.स.)। मुंगराबादशाहपुर पुलिस ने रविवार को एटीएम कार्ड बदलकर लोगों के खातों से रुपये निकालने के आरोप में हरियाणा निवासी एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से विभिन्न बैंकों के 41 एटीएम कार्ड, 1,870 रुपये नकद और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
क्षेत्राधिकारी मछलीशहर परमानंद कुशवाहा ने बताया कि थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सूचना पर रविवार को बैंक ऑफ बड़ौदा, कस्बा मुंगराबादशाहपुर स्थित एटीएम बूथ से आरोपित को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान हरियाणा निवासी संजय कुमार (40) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपित लोगों के एटीएम कार्ड बदलकर उनके खातों से रुपये निकालने की गतिविधियों में शामिल था।
पुलिस ने गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर मुंगराबादशाहपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपित के खिलाफ मेरठ के विभिन्न थानों में भी धोखाधड़ी और चोरी से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय भेज दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

