home page

हार्डवेयर व्यवसायी के घर पर फायरिंग मामले का खुलासा, सुपारी देने वाले दो गिरफ्तार

 | 
हार्डवेयर व्यवसायी के घर पर फायरिंग मामले का खुलासा, सुपारी देने वाले दो गिरफ्तार


पूर्वी चंपारण,22 मार्च (हि.स.)।

जिले के हरसिद्धि थाना क्षेत्र के उज्जैन लोहियार पंचायत निवासी हार्डवेयर व्यवसायी कामता मिश्र के घर 19 मार्च 2026 को हुई फायरिंग मामले का पुलिस ने खुलासा कर लिया है।

इस घटना के पीछे पुराना मामला उठाने के लिए दहशत फैलाने की साजिश रची गई थी।रविवार को थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में अरेराज डीएसपी रवि कुमार ने बताया कि इस कांड का संबंध 30 मार्च 2025 को गायघाट स्थित कामता मिश्र की दुकान पर हुए जानलेवा हमले से जुड़ा हुआ है। उस हमले में वे घायल हुए थे, हालांकि इलाज के बाद उनकी जान बच गई थी। उस मामले में चार शूटरों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि एक अब भी फरार है।

डीएसपी ने बताया कि दोनों घटनाओं के पीछे रुपए के लेनदेन का विवाद मुख्य कारण है। कामता मिश्र ने एक ठेकेदार को सड़क निर्माण सामग्री उपलब्ध कराई थी, जिसमें करीब 7 लाख रुपये जीएसटी का बकाया था,जिसे कामता मिश्र ने काट लिया था। इसी को लेकर विवाद उत्पन्न हुआ और अपराधियों ने साजिश रची।

पुलिस ने इस मामले में सुपारी देने वाले तीन में से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें मोतिहारी हवाई अड्डा निवासी ठेकेदार सुरेंद्र सिंह तथा कल्याणपुर थाना क्षेत्र के सिसवा खरार निवासी डब्लू दुबे शामिल हैं, जो कुख्यात अपराधी बबलू दुबे का भाई बताया जा रहा है। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। एक अभी फरार है।डीएसपी ने बताया कि मामले में कुल 9 लोगों की पहचान की गई है।

शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है और जल्द ही सभी को पकड़ लिया जाएगा।वहीं थानाध्यक्ष सह प्रशिक्षु डीएसपी ऋषभ कुमार ने बताया कि दोनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज है और आगे की कार्रवाई तेजी से की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / आनंद कुमार