home page

हरिद्वार स्नान के वीडियो में डिजिटल छेड़छाड़ का आरोप, महिला ने की कार्रवाई की मांग

 | 
हरिद्वार स्नान के वीडियो में डिजिटल छेड़छाड़ का आरोप, महिला ने की कार्रवाई की मांग


जयपुर, 16 सितंबर (हि.स.)। हरिद्वार में गंगा स्नान के दौरान राजस्थान की एक महिला द्वारा बनाए गए सामान्य वीडियो में कथित तौर पर डिजिटल छेड़छाड़ कर उसे आपत्तिजनक रूप में प्रसारित करने का मामला सामने आया है। भिवाड़ी निवासी सोनम यादव ने पुलिस से शिकायत कर फर्जी वीडियो को सामाजिक माध्यमों से हटाने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

सोनम ने स्वयं वीडियो जारी कर वायरल हो रहे आपत्तिजनक वीडियो को फर्जी बताया है। उनके अनुसार वह परिवार के साथ हरिद्वार गई थीं और हरकी पौड़ी पर गंगा स्नान का सामान्य वीडियो बनाकर सामाजिक माध्यम पर साझा किया था। आरोप है कि कुछ लोगों ने इसी वीडियो में डिजिटल तरीके से छेड़छाड़ कर उसे आपत्तिजनक रूप दे दिया और सामाजिक माध्यमों पर प्रसारित कर दिया।

वायरल वीडियो में महिला के कपड़ों और रूप में बदलाव दिखाई देने का दावा किया जा रहा है, जबकि आसपास का घटनाक्रम और लोगों की गतिविधियां मूल वीडियो से मिलती-जुलती बताई जा रही हैं। इसी आधार पर वीडियो में एआई या अन्य डिजिटल तकनीक के जरिए छेड़छाड़ किए जाने की आशंका जताई गई है। हालांकि, वीडियो की तकनीकी सत्यता और उसमें किसी तरह की छेड़छाड़ की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

सोनम ने राजस्थान पुलिस से आरोपियों को जल्द पकड़ने की मांग की है। उन्होंने भिवाड़ी के साइबर अपराध थाने में शिकायत दर्ज कराने की बात कही है। साथ ही अपने नाम से प्रसारित किए जा रहे फर्जी वीडियो को तत्काल हटाने की मांग की है। उन्होंने लोगों से अपील की कि सत्यता की पुष्टि किए बिना वीडियो को साझा नहीं करें और उनके नाम पर बनाए जा रहे प्रतिक्रिया वीडियो से भी बचें। घटना को लेकर श्रीगंगा सभा ने भी आपत्ति जताई है। सभा के अध्यक्ष नितिन गौतम ने मामले की तकनीकी जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित